Gumla : गुमला के सदर थाना क्षेत्र से दो नाबालिग किशोरियों के रहस्यमय ढंग से गायब होने का मामला सामने आया है। चार दिन बीत जाने के बावजूद दोनों बच्चियों का कुछ पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। गांव में भी बेचैनी का माहौल है और लोग उनकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं। यह मामला घटगांव पंचायत के टांगरटोली गांव का है, जहां की दो किशोरियां 16 जून से लापता हैं। परिजनों ने अब अपहरण की आशंका जताते हुये पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
नदी में नहाने जाने की बात कहकर निकली थीं
परिजनों के अनुसार, 16 जून की सुबह दोनों किशोरियां घर से नदी में नहाने जाने की बात कहकर निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की। पहले आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजा गया। लेकिन कहीं भी उनका पता नहीं चल सका। लगातार चार दिनों तक तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। इस संबंध में एक किशोरी के पिता राजेश केरकेट्टा और दूसरी किशोरी के पिता विनोद उरांव ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी बेटियों के लापता होने की जानकारी दी है। परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चियों के पास मोबाइल फोन भी नहीं था। उन्होंने घर में किसी अन्य स्थान पर जाने की भी कोई जानकारी नहीं दी थी। ऐसे में दोनों का अचानक एक साथ गायब हो जाना चिंता का कारण है।
अनहोनी की आशंका से सहमे परिवार
चार दिन बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार वाले किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुये हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों किशोरियां अच्छी सहेलियां थीं और अक्सर साथ ही रहती थीं। खबर है कि एक किशोरी स्थानीय स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है, जबकि दूसरी ने कुछ समय पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। मामले की जानकारी मिलते ही गुमला थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और संभावित स्थानों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : कभी दहाड़ते थे बाघ, अब इंतजार में है जंगल के राजा!
इसे भी पढ़ें : सिंदूरदान से पहले दुल्हन ने कहा ‘नहीं’, फिर गजब हो गया…
इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट, इस रोज से घर-घर पहुंचेंगे BLO…
इसे भी पढ़ें : जब सरकार नहीं जागी, तो गांव जाग उठा, फिर क्या हुआ, जानें…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में अवैध शराब कारोबार पर तीखी चोट…












