Garhwa : गढ़वा से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में बहस छेड़ दी है। एक तरफ शादी का मंडप सजा था, बारात दरवाजे पर थी और रस्में पूरी हो चुकी थीं। दूसरी तरफ सिंदूरदान से ठीक पहले दुल्हन ने ऐसा फैसला लिया, जिसने दोनों परिवारों की जिंदगी की दिशा बदल दी। यह मामला रमना प्रखंड के बगोंधा टोला का है, जहां शादी के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुकी एक शादी अचानक टूट गई। इसके बाद परिजनों ने जो कदम उठाया, वह गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बन गया।
जयमाला हुई, रस्में हुई, लेकिन सिंदूरदान से पहले रुक गई शादी
खबर है कि बगोंधा टोला निवासी सुखट राम की बेटी पुष्पा कुमारी की शादी गढ़वा थाना क्षेत्र के जुबैरिया गांव निवासी दीपक कुमार रवि के साथ तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से गांव पहुंची। स्वागत-सत्कार हुआ, जयमाला हुई और विवाह की अधिकांश रस्में भी संपन्न हो गईं। लेकिन जब मंडप में सिंदूरदान की रस्म शुरू होने वाली थी, तभी दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। उसके इस फैसले से शादी समारोह में अचानक सन्नाटा पसर गया।
रातभर चली समझाइश, लेकिन नहीं बदला फैसला
परिजनों, रिश्तेदारों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने युवती को समझाने का भरपूर कोशिश की, पर लड़की अपनी जिद पर ही अड़ी रही। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बातचीत कर स्थिति संभालने की कोशिश की। हालांकि युवती अपने निर्णय पर कायम रही। काफी प्रयासों के बावजूद जब सहमति नहीं बनी, तो आखिरकार दूल्हा और बाराती बिना दुल्हन के वापस लौट गये।
इसके बाद परिजनों ने उठाया प्रतीकात्मक कदम
घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में था। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिनों बाद परिजनों ने अपनी नाराजगी और सामाजिक पीड़ा को व्यक्त करने के लिये बेटी की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। बताया जाता है कि गांव में प्रतीकात्मक अर्थी निकालने के बाद श्मशान घाट में अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्में भी की गईं। यह पूरी प्रक्रिया प्रतीकात्मक थी और इसका उद्देश्य परिवार की भावनाओं और नाराजगी को सार्वजनिक रूप से व्यक्त करना बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में जितनी जुबां, उतनी तरह की बातें हो रही है। इधऱ, कुछ ग्रामीणों का कहना है कि शादी की तैयारियों में दोनों परिवारों ने काफी समय, मेहनत और धन खर्च किया था। अंतिम समय में शादी टूटने से परिवारों को सामाजिक और मानसिक आघात पहुंचा।
इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अपडेट, इस रोज से घर-घर पहुंचेंगे BLO…
इसे भी पढ़ें : जब सरकार नहीं जागी, तो गांव जाग उठा, फिर क्या हुआ, जानें…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में अवैध शराब कारोबार पर तीखी चोट…
इसे भी पढ़ें : सिमडेगा में रे’प, लोक-लाज के डर से चुप रहा परिवार, फिर क्या हुआ… जानें
इसे भी पढ़ें : “नशे को कहें ना” छात्रों को दिलाई गई शपथ…












