Bhopal : भोपाल में झकझोर देने वाले हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा मौत मामले में गुरुवार को सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। कभी अदालत में न्याय की कुर्सी संभालने वाली रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह अब खुद जांच एजेंसियों के घेरे में हैं। लंबी पूछताछ, कानूनी दांव-पेंच और हाईकोर्ट की सख्ती के बाद आखिरकार CBI ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सुबह से घर के बाहर बढ़ी हलचल
सुबह से ही भोपाल के बागमुगालिया एक्सटेंशन इलाके में हलचल तेज थी। CBI की विशेष टीम, महिला पुलिसकर्मियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया। बताया जा रहा है कि करीब सात घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की पटकथा पूरी तरह तैयार कर ली गई थी।
छह महीने पहले हुई थी शादी, अब मौत बना सबसे बड़ा सवाल
बीते 12 मई को त्विषा शर्मा की अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शादी को अभी छह महीने भी पूरे नहीं हुये थे। 9 दिसंबर 2025 को बड़ी धूमधाम से हुई शादी के बाद किसी ने नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी यह रिश्ता एक दर्दनाक कहानी में बदल जायेगा। मामले ने तब और तूल पकड़ा, जब मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत को रद्द कर दिया। हाईकोर्ट ने अपने 17 पन्नों के आदेश में निचली अदालत द्वारा दी गई राहत को खारिज करते हुये जांच को गंभीर माना। इसके बाद CBI ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी।
मां-बेटे को आमने-सामने बैठाकर हुई पूछताछ
गुरुवार सुबह दस बजे CBI की टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। उनके बेटे यानि त्विषा के पति समर्थ सिंह को भी साथ लाया गया। मां-बेटे को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ हुई। सूत्र बताते हैं कि दोनों के बयानों में कई विरोधाभास सामने आये। एम्स भोपाल की मेडिकल रिपोर्ट में मौत से पहले शरीर पर चोट के निशानों का जिक्र जांच एजेंसियों के लिये अहम आधार बना। CBI सूत्रों के मुताबिक, प्रताड़ना से जुड़े संकेतों और बयानों में अंतर मिलने के बाद गिरफ्तारी का फैसला लिया गया।
तीन बजे तय हो गई गिरफ्तारी की पटकथा
भोपाल पुलिस सूत्रों के अनुसार दोपहर तीन बजे तक CBI गिरफ्तारी का मन बना चुकी थी। पुलिस कमिश्नर को सूचना देकर अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाया गया। बागसेवनिया, मिसरोद और कटारा हिल्स थानों की पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर दी। शाम करीब छह बजे CBI गिरिबाला सिंह को मेडिकल जांच के लिये भोपाल एम्स लेकर रवाना हो गई। मेडिकल के बाद उन्हें CBI की विशेष अदालत में पेश कर रिमांड मांगा जायेगा। वहीं समर्थ सिंह को भी 29 मई को अदालत में पेश किया जाना है। भोपाल में यह मामला अब हर गली, हर चौराहे और हर न्यूज रूम में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सिर्फ एक सवाल पूछ रहे हैं, आखिर त्विषा शर्मा की मौत के पीछे छिपा सच क्या है?
इसे भी पढ़ें : रांची में बदलेगी इलाज और शिक्षा की तस्वीर…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन से मिले JAC अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी से रहस्यमय ढंग से लापता 14 साल का विवेक…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में अगले 5 रोज मौसम का हाल… जानें
इसे भी पढ़ें : ऑडियो वायरल होते ही दारोगा पर गिरी गाज…






