Chouparan(Krishna Paswan) : आगामी 16 जुलाई से शुरू होने वाली श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव को लेकर चौपारण में तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को शानदार और सुरक्षित बनाने के लिये प्रशासन और दोनों रथयात्रा समितियों के बीच संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई। इस वर्ष रथयात्रा में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ जोहान टुडु ने की। इसमें DSP राधा प्रेम किशोर, सीओ संजय यादव, बीडीओ नितेश भास्कर, एसआई दिव्य प्रकाश, स्वास्थ्य, विद्युत, स्वच्छता विभाग के अधिकारी तथा जीटी रोड निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि शामिल हुये। दोनों रथयात्रा समितियों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुरक्षा, यातायात, रूट चार्ट, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और बिजली व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।
दो मार्गों से निकलेगी रथयात्रा
बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष चौपारण में दो अलग-अलग समितियों द्वारा रथयात्रा निकाली जायेगी। श्री जगन्नाथ रथयात्रा प्रबंधन समिति की यात्रा सियरकोनी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू होकर चैथी मोड़ होते हुये मौसी बिगहा (मौसीबाड़ी) तक जायेगी। वहीं, केशरवानी समाज रथयात्रा समिति की यात्रा केशरवानी धर्मशाला से शुरू होकर चौपारण मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। बैठक के बाद DSP राधा प्रेम किशोर ने अधिकारियों और जीटी रोड निर्माण कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ पूरे रथयात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि चौपारण–चतरा मार्ग पर गड्ढों की तुरंत मरम्मत हो, सड़क पर अवरोध हटाए जायें, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाये, श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाई जाये। वहीं, सियरकोनी मंदिर, जीटी रोड और मौसीबाड़ी क्षेत्र की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
हाट-बाजार और प्रतिबंधों पर भी चर्चा
बैठक में महाराजगंज के साप्ताहिक हाट को लेकर भी चर्चा हुई। प्रस्ताव रखा गया कि रथयात्रा के दिन मांस-मछली और शराब की बिक्री पर रोक रहे। साप्ताहिक हाट का आयोजन स्थगित किया जाये, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी, यातायात नियंत्रित रहेगा, स्वास्थ्य व पेयजल की पर्याप्त सुविधा होगी, स्वच्छता और बिजली व्यवस्था दुरुस्त रहेगी। दोनों समितियों के समन्वय से इस धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और शानदार तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : इस गांव में छाई खुशियां, जानें क्यों…
इसे भी पढ़ें : जगी इंसानियत की लौ, किसी ने बांटा राशन, किसी ने थामा आर्थिक सहारा…
इसे भी पढ़ें : “महिलायें ठान लें तो जीत तय,” आजसू का शक्ति प्रदर्शन रांची में…
इसे भी पढ़ें : क्या बतायें बाबू, इतना ज्यादा ठनका गिरता है कि नाम ही पड़ गया बजरमारा… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी में हाथी का कहर, बुजुर्ग ल’हूलु’हान…








