Ranchi : CM हेमंत सोरेन की पहल और मार्गदर्शन में झारखंड सरकार ने राज्य के वरिष्ठ, गंभीर रूप से बीमार और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों के लिये “मासिक निवृत्तिका (कलाकार पेंशन) योजना” को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पात्र कलाकारों को हर महीने ₹4000 की सम्मान राशि प्रदान की जायेगी। सरकार का मानना है कि कला और संस्कृति के क्षेत्र में वर्षों तक योगदान देने वाले कलाकारों को जीवन के कठिन दौर में अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। योजना के तहत चयनित कलाकारों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हर महीने ₹4000 की राशि भेजी जायेगी। इससे उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिल सकेगी और सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिलेगी। आवेदन भरने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2026 है।
कलाकारों के योगदान को नमन
कला-संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम ने कहा कि यह योजना उन कलाकारों के प्रति सरकार की कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि उम्र, बीमारी या दिव्यांगता के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे कलाकारों के लिये यह योजना एक मजबूत सहारा साबित होगी।
कला का सम्मान, कलाकार का संबल
झारखंड की मिट्टी में लोकगीतों की मिठास है, मांदर की थाप है, नृत्य की लय है और रंगमंच की संवेदनायें हैं। इन्हीं कलाकारों ने वर्षों तक अपनी कला से समाज को जोड़ा और संस्कृति को जीवंत रखा। अब राज्य सरकार की यह पहल उन कलाकारों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आई है, जिनकी कला ने कभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी थी।
इन कलाकारों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत निम्न श्रेणियों के कलाकार आवेदन कर सकते हैं—
- झारखंड के मूल निवासी कलाकार
- वरिष्ठ (वृद्ध) कलाकार
- गंभीर बीमारी से पीड़ित कलाकार
- स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकार
- संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोककला, चित्रकला, मूर्तिकला एवं अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकार
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
आवेदन के साथ निम्न दस्तावेज जमा करने होंगे—
- आवेदन प्रपत्र
- आयु प्रमाण-पत्र
- वार्षिक आय प्रमाण-पत्र
- निवास प्रमाण-पत्र
- आधार कार्ड की प्रति
- बैंक खाते का विवरण
- कला क्षेत्र में उपलब्धियों, सम्मान एवं पुरस्कारों के प्रमाण-पत्र
- गंभीर बीमारी या दिव्यांगता की स्थिति में संबंधित चिकित्सा/दिव्यांगता प्रमाण-पत्र
ऐसे आवेदन करें
योजना से संबंधित दिशा-निर्देश और आवेदन प्रपत्र राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, रांची में जमा किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : घूस लेते ही धरा गया यह अफसर…
इसे भी पढ़ें : अब डिजिटल नक्शे पर नजर आयेगा झारखंड का हर शहर…
इसे भी पढ़ें : अब खुद DGP सुनेंगी पुलिसकर्मियों की फरियाद… जानें
इसे भी पढ़ें : ईरान की यात्रा ना करें, भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में, DC-SP उतरे सड़कों पर…












