Ranchi : राजधानी रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे को अब और अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाये जायेंगे। हवाई अड्डे के आसपास पक्षियों की बढ़ती आवाजाही, अनियंत्रित कचरा और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुये प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। विमानपत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति की आज अहम बैठक दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त एवं समिति के सह-अध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों ने हिस्सा लिया और विमानन सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बर्ड स्ट्राइक रोकने पर विशेष फोकस
बैठक में सबसे अधिक जोर विमान और पक्षियों की टक्कर यानी बर्ड स्ट्राइक की घटनाओं को रोकने पर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास खुले में फेंका जाने वाला कचरा, मांस-मछली के अवशेष और जलजमाव पक्षियों को आकर्षित करते हैं, जिससे उड़ानों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुये कई अहम फैसले लिये गये। हवाई अड्डे के आसपास संचालित अवैध मांस एवं मछली बिक्री केंद्रों तथा बूचड़खानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
फूड वैन और रेस्तरां भी रडार पर
बिरसा चौक, हिनू चौक और हवाई नगर क्षेत्र में संचालित फूड वैन, होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य विक्रेताओं द्वारा कचरे के निपटान को लेकर भी प्रशासन गंभीर दिखा। निर्णय लिया गया कि इन क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किये जायेंगे और जो विक्रेता कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में एयरपोर्ट के आसपास खुले नालों के कारण होने वाले जलजमाव और कीट-पतंगों की समस्या पर भी चिंता जताई गई। रांची नगर निगम द्वारा नालों को ढकने के लिये चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों ने इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
मोबाइल टावर और ऊंची इमारतों पर चेतावनी लाइट जरूरी
विमानन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये मोबाइल टावरों, ऊंची पानी टंकियों और बहुमंजिला इमारतों पर एविएशन ऑब्स्ट्रक्शन लाइट लगाने और उन्हें हमेशा कार्यशील रखने के निर्देश दिये गये। वहीं, विमानन सुरक्षा संबंधी सरकारी अधिसूचनाओं और नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। बैठक में एयरपोर्ट परिसर और आसपास आवारा कुत्तों की समस्या की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन, नगर निगम और अन्य एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से आवारा कुत्तों की संख्या में उल्लेखनीय कमी आई है। आगे भी नियमित निगरानी जारी रखी जायेगी। बैठक में रांची जिला प्रशासन, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), रांची नगर निगम, पुलिस प्रशासन, वन विभाग, भारतीय सेना और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी विभागों ने एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षित, स्वच्छ और पक्षी-मुक्त वातावरण बनाये रखने के लिये आपसी समन्वय के साथ काम जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इसे भी पढ़ें : गुपचुप बेचने वाली महिला की ह’त्या का खुलासा, क्यों मा’री गई… जानें
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, मॉक ड्रिल कर परखी तैयारियां…
इसे भी पढ़ें : भक्ति के रथ पर सवार होगा चौपारण… जानें कब
इसे भी पढ़ें : चलती कार बनी आ’ग का गोला, टोल प्लाजा के पास टला बड़ा हा’दसा…
इसे भी पढ़ें : बड़ी वारदात की फिराक में था, पुलिस ने रास्ते में ही दबोचा…












