Ranchi : अब राज्यभर के पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तबादला संबंधी शिकायतों और अनुरोधों पर सीधे DGP तदाशा मिश्रा की नजर रहेगी। उन्होंने महज एक महीने पहले जारी आदेश में संशोधन करते हुये पुलिस शिकायत कोषांग समिति का पुनर्गठन कर दिया है और स्वयं इसकी अध्यक्षता संभाल ली है। इस फैसले को पुलिस महकमे में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अब तबादले और व्यक्तिगत शिकायतों से जुड़े मामलों की समीक्षा सीधे राज्य की शीर्ष पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में होगी।
एक महीने में बदला फैसला
दरअसल, बीते 8 मई को पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में शिकायत कोषांग समिति की अध्यक्षता ADG मुख्यालय मनोज कौशिक को सौंपी गई थी। लेकिन अब जारी संशोधित आदेश में DGP तदाशा मिश्रा ने स्वयं समिति की कमान अपने हाथ में ले ली है। नये आदेश के अनुसार समिति में तीन आला पुलिस अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
समिति में ये हैं शामिल
पुनर्गठित शिकायत कोषांग समिति में ADG मुख्यालय मनोज कौशिक, CID के IG असीम विक्रांत मिंज एवं मानवाधिकार के IG पंकज कंबोज को सदस्य बनाया गया है। इससे पहले गठित समिति में कार्मिक DIG सुरेंद्र कुमार झा भी सदस्य थे, लेकिन वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर BSF में पदस्थापित होने के कारण नई समिति में उनका नाम शामिल नहीं है।
अब सीधे DGP के सामने पहुंचेगी पुलिसकर्मियों की बात
नई व्यवस्था के बाद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की तबादला संबंधी शिकायतें, अनुरोध और विशेष परिस्थितियों वाले आवेदन सीधे समिति के समक्ष रखे जायेंगे। DGP तदाशा मिश्रा स्वयं सदस्यों के साथ बैठकर हर मामले की समीक्षा करेंगी और उसके गुण-दोष के आधार पर निर्णय लेंगी। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इससे शिकायतों के निष्पादन में अधिक पारदर्शिता और संवेदनशीलता आयेगी। पुलिस शिकायत कोषांग समिति के पास राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचते हैं। कई पुलिसकर्मी अपने गृह जिले में तबादले की मांग करते हैं, तो कई ऐसे भी होते हैं जो परिवार की गंभीर बीमारी, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल या अन्य मानवीय कारणों से स्थानांतरण की गुहार लगाते हैं। ऐसे मामलों में समिति परिस्थितियों का आकलन कर उचित निर्णय लेती है।
इसे भी पढ़ें : ईरान की यात्रा ना करें, भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवाइजरी…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में, DC-SP उतरे सड़कों पर…
इसे भी पढ़ें : 262 युवाओं के हाथों में नौकरी, CM ने दी जिम्मेदारी की सीख…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में कहीं बरसे बादल, कहीं बरसी आग…
इसे भी पढ़ें : गुड़गांव से गायब हुआ ट्रक, देवघर में मिला पूरा खजाना…












