Ranchi : रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के दसमाइल-तुंजू सड़क पर पहाड़ी के पास मिले महिला के शव की गुत्थी आखिरकार रांची पुलिस ने सुलझा ली है। कुछ दिन पहले अज्ञात महिला के रूप में बरामद शव की पहचान अरगोड़ा की रहने वाली रेखा देवी के रूप में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुये गठित स्पेशल पुलिस टीम ने फौरी जांच करते हुये इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश और निजी संबंधों से उपजे विवाद ने इस जघन्य अपराध को जन्म दिया।
पहाड़ी के पास मिला था शव
बीते 21 जून को रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के तहत दसमाइल से तुंजू जाने वाली सड़क पर सिरी सोहराई पहाड़ के समीप एक महिला का शव मिला था। अगले दिन शव की पहचान अरगोड़ा निवासी रेखा देवी के रूप में हुई। रेखा देवी ठेले पर गुपचुप बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। हटिया DSP के नेतृत्व में गठित टीम CCTV फुटेज, वैज्ञानिक जांच एवं टेक्निकल सेल की मदद से संदेही गुनहगारों तक पहुंच गई।
पड़ोस की रंजिश से शुरू हुई खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के पति और पड़ोस में रहने वाली एक महिला के बीच कथित प्रेम संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों महिलाओं के बीच कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी थी। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश ने बाद में आपराधिक साजिश का रूप ले लिया। इल्जाम है कि महिला ने अपने भाई और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर रेखा देवी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
फर्जी नंबर प्लेट वाली कार का किया गया इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार अपराध को अंजाम देने के लिये सफेद रंग की अर्टिगा कार का इस्तेमाल किया गया, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी ताकि पहचान छिपाई जा सके। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन को बरामद कर लिया है। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान भी जब्त किये गये। इस कांड में पकड़े गये लोगों के नाम संध्या कुमारी (अरगोड़ा, रांची), रमेश उरांव (लोहरदगा), लखन उरांव (लोहरदगा) एवं कृष्णादास गोस्वामी (रांची) बताये गये। इनके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद अर्टिगा कार, तीन देशी पिस्तौल, नौ जिंदा गोलियां एवं चार मोबाइल फोन मिले।
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, मॉक ड्रिल कर परखी तैयारियां…
इसे भी पढ़ें : भक्ति के रथ पर सवार होगा चौपारण… जानें कब
इसे भी पढ़ें : चलती कार बनी आ’ग का गोला, टोल प्लाजा के पास टला बड़ा हा’दसा…
इसे भी पढ़ें : बड़ी वारदात की फिराक में था, पुलिस ने रास्ते में ही दबोचा…
इसे भी पढ़ें : झारखंड के कलाकारों को अब हर महीने मिलेगी 4 हजार रुपये पेंशन…












