Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा की रातें इन दिनों कुछ बदली-बदली सी हैं। चौक-चौराहों पर पुलिस की गाड़ियां दौड़ रही हैं और अपराधियों की धड़कनें तेज हो चुकी हैं। कारण है गढ़वा पुलिस का वह बड़ा विशेष अभियान, जिसने तीन दिनों में जिले के अपराध जगत की नींद उड़ा दी। पुलिस कप्तान आशुतोष शेखर के निर्देश पर जिलेभर में ऐसा शिकंजा कसा गया कि फरार अपराधियों के छिपने के सारे ठिकाने बेनकाब होने लगे।
तीन रात और अपराधियों पर ताबड़तोड़ वार
15 मई से 17 मई 2026 तक चली इस विशेष छापेमारी में गढ़वा, रंका और श्री बंशीधर नगर अनुमंडल के पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। हर थाना, हर ओपी और हर चौकी को अलर्ट मोड पर रखा गया। रात गहराते ही पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों और शहर के संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश शुरू कर दी। नतीजा यह हुआ कि अब तक कुल 52 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
131 वारंट और 2 कुर्की से मचा हड़कंप
पुलिस ने अदालत से जारी लंबित मामलों को भी तेजी से निपटाया। अभियान के दौरान कुल 131 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि 2 कुर्की की कार्रवाई भी की गई। गढ़वा में लंबे समय से फरार चल रहे कई आरोपियों के घरों तक जब आधी रात को पुलिस पहुंची, तो इलाके में हड़कंप मच गया। बीती रात भी पुलिस का ऑपरेशन लगातार जारी रहा। जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में एक साथ सघन छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 33 वारंटों का निष्पादन हुआ।
अपराधियों को बख्शा नहीं जायेगा
गढ़वा पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिये अब कोई जगह नहीं बचेगी। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जायेगी।
इसे भी पढ़ें : चलती ट्रेन की स्लीपर बोगी में युवती के श’व के छह टुकड़े देख…
इसे भी पढ़ें : खत्म हुआ इंतेजार, भारत की पहली बुलेट ट्रेन की पहली झलक… देखें
इसे भी पढ़ें : CM ने इन्हें बांटे नियुक्ति पत्र, बोले-“यह नौकरी नहीं, बड़ी जिम्मेदारी है”
इसे भी पढ़ें : यूपी में कैबिनेट विस्तार के बाद 12 बड़े फैसले… जानें
इसे भी पढ़ें : IPS सुरेंद्र झा को BSF में DIG की जिम्मेदारी, केंद्र ने भेजा आदेश…






