Ranchi : रांची विश्वविद्यालय का स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप योग की सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और उत्साह से गुलजार नजर आया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, योग प्रशिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रविवार की सुबह छह बजे शुरू हुए इस आयोजन में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिये योग” (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित करना था।
तनाव भरी जिंदगी में योग सबसे बड़ा सहारा : डॉ. इरफान अंसारी
योग सत्र की शुरुआत से पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उपस्थित लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की अमूल्य विरासत है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बढ़ते तनाव और मानसिक दबाव के बीच योग लोगों को मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मन को भी सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने कहा कि योग सदियों से भारतीय संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। स्वस्थ जीवन के लिये इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करना जरूरी है।
डिजिटल युग में योग की बढ़ी अहमियत
कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं और अतिथियों ने कहा कि मोबाइल, लैपटॉप और बढ़ते स्क्रीन टाइम के दौर में लोगों का स्वास्थ्य तेजी से प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासित जीवन जीना सिखाता है, आत्मविश्वास बढ़ाता है और जीवन में सकारात्मक सोच विकसित करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योगासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। अतिथियों ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवाओं को योग से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिये प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा सामूहिक योगाभ्यास रहा। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। पूरे परिसर में एकाग्रता, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का संदेश दिया गया।इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सीपी सिंह, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


इसे भी पढ़ें : टीम इंडिया का ऐलान, विराट पर सस्पेंस, बुमराह लौटे, यशस्वी हुये बाहर…
इसे भी पढ़ें : बेटी का रिश्ता तय कर लौट रहे पिता को मौ’त ने रास्ते में ही रोक लिया…
इसे भी पढ़ें : ममता बनर्जी को एक झटका, करीबी विधायक ने छोड़ा साथ…
इसे भी पढ़ें : पुलिस की गो’ली खाकर उग्रवादी ने उगले कई राज, क्या बोले SP… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : गांव-गांव घूमकर बांट रहा था ‘सरकारी बाबू’ बनने का सपना, फिर…










