Pakur : पाकुड़ में खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर भोले-भाले ग्रामीणों को सरकारी प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा देकर उनकी जेब खाली कराने वाले एक फर्जी शख्स को गांववालों ने धर लिया। वह सदर प्रखंड के पहाड़िया टोला गांव में पकड़ा गया। आरोप है कि वह लंबे समय से गांव-गांव घूमकर लोगों से पैसे और जरूरी दस्तावेज लेकर फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र बनाने का धंधा चला रहा था। ग्रामीणों के अनुसार यह व्यक्ति खुद को सरकारी विभाग से जुड़ा बताता था। वह लोगों को भरोसा दिलाता कि उनके आधार कार्ड, वोटर कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और जमीन संबंधी कागजात आसानी से बनवा देगा। उसकी बातों में आकर कई ग्रामीणों ने अपने दस्तावेज उसके हवाले कर दिये। बदले में उसने किसी से 500 रुपये तो किसी से हजारों रुपये तक वसूल लिये। गांव के लोग यह मानकर बैठे रहे कि कुछ दिनों में उनके प्रमाण पत्र बनकर आ जायेंगे, लेकिन समय बीतता गया और कागजात नहीं मिले।
जब सब्र टूटा तो गांव बुलाकर पकड़ लिया
हाल के दिनों में पहाड़िया टोला की कई महिलाओं और पुरुषों ने उससे जाति और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिये दस्तावेज और पैसे दिये थे। जब लंबे समय तक प्रमाण पत्र नहीं मिले तो लोगों को शक होने लगा। ग्रामीणों ने योजना बनाकर उसे फिर से गांव बुलाया। जैसे ही वह गांव पहुंचा, लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान उसे घंटों बंधक बनाकर रखा गया और गुस्साये ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अंचल अधिकारी अरविंद कुमार वेदिया और मुफस्सिल के थानेदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पहले ग्रामीणों को शांत कराया और फिर पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ शुरू की। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई।
बैग से निकले फर्जी दस्तावेज, खुलने लगी परतें
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके बैग से कई संदिग्ध कागजात और जन्म प्रमाण पत्र मिले। जांच में कुछ दस्तावेजों पर सरकारी मुहर जैसी सील भी लगी मिली। प्रशासनिक अधिकारियों ने जब दस्तावेजों की जांच की तो कई प्रमाण पत्र संदिग्ध और फर्जी पाये गये। बताया जा रहा है कि कुछ कागजातों पर सदर अस्पताल की मुहर भी लगी थी, लेकिन प्राथमिक जांच में वह भी नकली प्रतीत हुई। पूछताछ के दौरान संदिग्ध व्यक्ति अधिकारियों को अपना सही नाम और पता तक नहीं बता पाया। उसके जवाबों में लगातार विरोधाभास पाया गया, जिससे अधिकारियों का शक और गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराकर हिरासत में ले लिया और थाने ले जाकर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी। अंचल अधिकारी अरविंद कुमार वेदिया ने मीडिया को बताया कि पकड़े गये व्यक्ति के पास से कई फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद हुये हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह अकेले व्यक्ति का काम नहीं लग रहा है। इस बात की पड़ताल की जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। उसके सही नाम और ठिकाने के बारे में पता किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : वैभव सूर्यवंशी ने मचाया तूफान, 11 गेंद 50 रन और इतिहास ध्वस्त…
इसे भी पढ़ें : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नीतीश, प्रदेश की कमान इस दिग्गज नेता के हाथ…
इसे भी पढ़ें : लंबी दूरी तक कार चलाने की जरूरत नहीं, रेलवे की इस सेवा से भेंजे अपनी गाड़ी…
इसे भी पढ़ें : संडे हो या मंडे, रोज खायें 2 अंडे, कितना मिलता है प्रोटीन… जानें
इसे भी पढ़ें : रेलवे में खिलाड़ियों के लिये निकली वैकेंसी… डिटेल्स जानें










