Ranchi : एक महीने तक भक्ति, साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा पुरुषोत्तम मास आज खत्म हो जायेगा। 15 जून को इसके समापन के साथ ही शुभ और मांगलिक कार्यों पर लगा विराम समाप्त हो जायेगा। इसके बाद एक बार फिर घर-आंगन में शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी, विवाह मंडप सजेंगे और गृहप्रवेश से लेकर मुंडन संस्कार तक का सिलसिला शुरू हो जायेगा। झारखंड के शहरों से लेकर गांवों तक श्रद्धालु पुरुषोत्तम मास के समापन की तैयारियों में जुटे हुये हैं। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
भगवान विष्णु को समर्पित है पुरुषोत्तम मास
प्रख्यात ज्योतिषाचार्य एवं धर्माचार्य अजय शुक्ल के अनुसार पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। सनातन परंपरा में इस मास का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने बताया कि पूरे महीने श्रद्धालु जप, तप, व्रत, पूजा-पाठ, कथा और भजन-कीर्तन के माध्यम से ईश्वर की आराधना करते हैं। यह काल आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का अवसर माना जाता है। कोकर में रहनेवाले पंडित मिश्रा जी का कहना है कि पुरुषोत्तम मास में किये गये धार्मिक अनुष्ठानों का पूर्ण फल प्राप्त करने के लिये समापन पर उद्यापन करना आवश्यक माना गया है। उद्यापन के अंतर्गत भगवान विष्णु की विशेष पूजा, सत्यनारायण भगवान की कथा, हवन, ब्राह्मण भोजन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इससे भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है और पूरे मास की साधना पूर्ण मानी जाती है।
दान-पुण्य का विशेष महत्व
पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन दान-पुण्य को अत्यंत शुभ माना गया है। धर्मशास्त्रों के अनुसार इस अवसर पर किया गया दान कई गुना अधिक पुण्यफल प्रदान करता है। पंडित मिश्रा जी ने श्रद्धालुओं से अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्न, वस्त्र, फल और अन्य आवश्यक वस्तुओं का दान जरूरतमंदों तथा ब्राह्मणों को करने का आग्रह किया है। धार्मिक मान्यता है कि पुरुषोत्तम मास के समापन पर किया गया दान पुण्य प्रदान करता है, वहीं, जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि भी लाता है।
इसे भी पढ़ें : अब दुनिया में चमकेगा आदिवासी कला और हस्तशिल्प का नाम, मिला GI टैग…
इसे भी पढ़ें : जुड़वां भाइयों की एक जैसी शक्ल ने बढ़ाई पुलिस की उलझन, खुला चौंकाने वाला सच…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में मानसून हुआ सुपर एक्टिव, अगले 5 दिनों पर बड़ा अपडेट… जानें
इसे भी पढ़ें : थाना से कैदी फरार, रेल SP का बड़ा एक्शन…
इसे भी पढ़ें : खिलाड़ियों की उपलब्धि पर पुलिस ने बढ़ाया हौसला…










