Kohramlive : हवाई यात्रा करने वालों के लिये जल्द ही बड़ी खुशखबरी आ सकती है। आने वाले महीनों में फ्लाइट टिकटों की कीमतें कम हो सकती हैं, क्योंकि भारतीय विमानन कंपनियां टिकटों पर लगाये गये फ्यूल सरचार्ज को कम करने या पूरी तरह खत्म करने पर गंभीरता से विचार कर रही हैं। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल और विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में आई गिरावट के बाद एयरलाइंस कंपनियां अपने खर्चों का नया आकलन कर रही हैं। यदि सब कुछ अनुकूल रहा तो चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के अंत या तीसरी तिमाही की शुरुआत तक यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है।
तेल महंगा हुआ तो बढ़ा था अतिरिक्त शुल्क
दरअसल, मार्च 2026 में रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया था। इसका सीधा असर विमान ईंधन की कीमतों पर पड़ा और एयरलाइंस कंपनियों का परिचालन खर्च बढ़ गया। इस अतिरिक्त बोझ को संभालने के लिये कई प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों ने टिकट के मूल किराये में बदलाव किये बिना यात्रियों से अलग से फ्यूल सरचार्ज वसूलना शुरू किया। यह अतिरिक्त शुल्क यात्रा की दूरी के अनुसार 200 रुपये से लेकर 1300 रुपये प्रति यात्री तक लिया जा रहा था।
अब बदल रही है तस्वीर
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार नरमी आने के बाद एयरलाइंस कंपनियां अब इस अतिरिक्त शुल्क की समीक्षा कर रही हैं। कंपनियों का मानना है कि यदि ईंधन की कीमतों में गिरावट लंबे समय तक बनी रहती है तो यात्रियों पर डाला गया अतिरिक्त बोझ हटाया जा सकता है। हालांकि फिलहाल एयरलाइंस कंपनियां जल्दबाजी में कोई फैसला लेने के बजाय बाजार की स्थिति पर नजर बनाए हुये हैं।
घरेलू यात्रियों को पहले मिल सकती है राहत
सूत्रों के अनुसार, यदि फ्यूल सरचार्ज हटाने का फैसला होता है तो सबसे पहले इसका फायदा घरेलू उड़ानों में सफर करने वाले यात्रियों को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में ईंधन लागत, टैक्स और अन्य परिचालन खर्च अपेक्षाकृत अधिक और जटिल होते हैं। ऐसे में वहां सरचार्ज हटाने की प्रक्रिया में थोड़ा अधिक समय लग सकता है। कंपनियां इस बात पर भी विचार कर रही हैं कि शुल्क को एक बार में पूरी तरह खत्म किया जाये या चरणबद्ध तरीके से कम किया जाये। विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि यदि फ्यूल सरचार्ज समाप्त होता है तो त्योहारी सीजन से पहले घरेलू हवाई यात्रा और अधिक किफायती हो जायेगी।
इसे भी पढ़ें : नामी-गिरामी गुंडा का एनकाउंटर, STF ने किया खेल खत्म…
इसे भी पढ़ें : मां-बाप के साये से वंचित प्रीति को कॉलेज ने लिया गोद, अब नहीं रूकेगी पढ़ाई…
इसे भी पढ़ें : जब फौजी वर्दी में गांव लौटा बेटा, चमक उठीं मां-बाप की आंखें…
इसे भी पढ़ें : वोटर लिस्ट से एक भी पात्र भारतीय का नाम नहीं कटेगा…
इसे भी पढ़ें : नेमरा से संसद तक, संघर्ष की गाथा को मिला पद्म भूषण…












