Dumka : आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मतदाताओं के मन में उठ रहे सवालों के बीच मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बड़ी और स्पष्ट बात कही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं कटेगा।” संथाल परगना प्रमंडल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मंगलवार को देवघर के मधुपुर और दुमका के जरमुंडी प्रखंड में चल रहे BLO एवं BLO सुपरवाइजर प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता परख़ी, वहीं, मैदान में काम करने वाले BLO की शंकाओं का समाधान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
केवल पांच श्रेणियों के नाम ही नहीं होंगे शामिल
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रारूप मतदाता सूची से केवल पांच श्रेणियों के नाम ही बाहर रहेंगे। इनमें अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Death), डुप्लिकेट (Duplicate) और गैर-भारतीय (Non-Indian) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जो भी मतदाता इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर हस्ताक्षर सहित जमा करेंगे, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित किया जायेगा, चाहे उनकी मैपिंग पूर्व की गहन पुनरीक्षित मतदाता सूची से हुई हो या नहीं।
30 जून से घर-घर पहुंचेंगे BLO
के. रवि कुमार ने बताया कि 30 जून से BLO घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जायेगा कि मतदाताओं की पूर्व गहन पुनरीक्षित मतदाता सूची से सही तरीके से मैपिंग हो जाये, ताकि बाद में उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की जरूरत न पड़े। उन्होंने BLO को विशेष रूप से निर्देश दिया कि मैपिंग और इन्यूमरेशन के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाये। BLO केवल निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म भरवाने और जानकारी सत्यापित करने का कार्य करें।
प्रशिक्षण में समझाये गये SIR के महत्वपूर्ण पहलू
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रशिक्षण ले रहे BLO और सुपरवाइजरों को SIR की पूरी प्रक्रिया को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है, इसलिये किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिये। देवघर के मधुपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं दुमका के जरमुंडी प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रखंडों के BLO एवं BLO सुपरवाइजर भी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : नेमरा से संसद तक, संघर्ष की गाथा को मिला पद्म भूषण…
इसे भी पढ़ें : चुटूपालु घाटी को लेकर जिसका बरसों से था इंतजार, वो घड़ी आ गई…
इसे भी पढ़ें : लव मैरिज का भयानक अंत, लगा हत्या का इल्जाम, पति ये बोल गया…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी में 700 छात्राओं को मिली साइकिल… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : थाने में पति ने लगाई गुहार, फिर पत्नी ने सुनाया ऐसा फैसला कि सब रह गये दंग…












