Ranchi : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर झारखंड के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय 21 जून (रविवार) को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक खुले रहेंगे। इस दौरान विद्यालयों में योग दिवस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। राज्य सरकार ने इसे केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अभियान माना है।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (DPO) को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं। जारी पत्र में कहा गया है कि विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाये।
साथ ही विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाये, ताकि बच्चों में योग के प्रति जागरूकता बढ़े और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिले। विभाग ने स्पष्ट किया है कि योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (MDM) का संचालन नहीं किया जायेगा।
निर्देश के अनुसार 20 जून (तृतीय शनिवार) और 21 जून (रविवार) को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना होगा। कार्यक्रम से संबंधित प्रतिभागियों की संख्या, गतिविधियों का विवरण, फोटोग्राफ और अन्य आवश्यक जानकारियां जिला स्तर पर संकलित कर राज्य कार्यालय को भेजी जायेंगी। इसके लिये एक गूगल शीट भी साझा की गई है, जिसमें सभी जिलों को निर्धारित समय पर जानकारी अपलोड करनी होगी। इन आंकड़ों के आधार पर राज्य स्तरीय समेकित रिपोर्ट तैयार कर शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को भेजी जायेगी।
राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और बेहतर जीवनशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी विद्यालयों से इस कार्यक्रम को गंभीरता, उत्साह और जिम्मेदारी के साथ आयोजित करने की अपील की है, ताकि योग के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
इसे भी पढ़ें : अब कामकाजी महिलाओं पर बुरी नजर का मतलब आफत…
इसे भी पढ़ें : मेहंदी कैसे बनी सुहाग और सौभाग्य की पहचान… जानें
इसे भी पढ़ें : रांची में कल इन इलाकों में घंटों रहेगी बिजली गुल…
इसे भी पढ़ें : एक बारिश में डूब गई तमाड़ की सड़क, आंदोलन की चेतावनी…
इसे भी पढ़ें : मंदिर वाले कमरे में खाना खाना सही है या नहीं, वास्तु क्या कहते हैं… जानें












