Kohramlive : पहाड़ों की ठंडी हवा, बादलों से बातें करती वादियां, दूर-दूर तक फैले कॉफी के बागान और झरनों का मधुर संगीत, अगर घूमने का नाम सुनते ही आपके मन में ऐसे ही हिलोर मारने लगती है, लेकिन बजट आड़े आ जाता है, तो यह खबर आपके लिये है। दक्षिण भारत के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शामिल कूर्ग को यूं ही ‘भारत का स्कॉटलैंड’ नहीं कहा जाता। कर्नाटक की गोद में बसा यह हिल स्टेशन प्रकृति प्रेमियों के लिये किसी जन्नत से कम नहीं है। अच्छी बात यह है कि यहां घूमने के लिये आपको मोटी रकम खर्च करने की जरूरत भी नहीं है। महज 5 हजार रुपये के बजट में भी आप कूर्ग की यादगार सैर कर सकते हैं।
पहले जानिये कूर्ग कैसे पहुंचें
बजट ट्रैवलर्स के लिये सबसे आसान रास्ता है कि पहले बेंगलुरु या मैसूर पहुंचें। मैसूर से कूर्ग के लिये सरकारी बसें आसानी से उपलब्ध है। किराया लगभग ₹150 से ₹250 रुपये देने होंगे। सफर करीब 3 से 4 घंटे का है। वहीं, बेंगलुरु से कूर्ग के लिये सीधी बस सेवा उपलब्ध है। किराया ₹300 से ₹500 तक लग सकते हैं। रातभर की यात्रा का विकल्प भी मौजूद है।
पहला दिन: झरनों और सूर्यास्त के नाम
कूर्ग पहुंचते ही किसी बजट होमस्टे या हॉस्टल में ठहर जायें। यहां ₹500 से ₹800 में आरामदायक ठिकाना मिल जाता है।
अब्बी फॉल्स का दीदार
दोपहर में निकलें और पहुंच जायें अब्बी फॉल्स। कॉफी बागानों के बीच बहता यह झरना कूर्ग की सबसे खूबसूरत जगहों में गिना जाता है।
राजा सीट पर सुनहरी शाम
शाम को राजा सीट पहुंचें। यहां डूबते सूरज का दृश्य ऐसा लगता है जैसे आसमान ने खुद कोई चित्रकारी कर दी हो। रात में मडिकेरी बाजार की चहल-पहल और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद आपकी यात्रा को और यादगार बना देगा।
दूसरा दिन: हाथियों, बौद्ध संस्कृति और कॉफी की महक के साथ
दुबारे एलीफेंट कैंप
सुबह-सुबह दुबारे एलीफेंट कैंप पहुंचें। यहां हाथियों को करीब से देखने और उनके साथ समय बिताने का अलग ही अनुभव मिलता है।
स्वर्ण मंदिर की शांति
इसके बाद कुशलनगर स्थित प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर का रुख करें। तिब्बती वास्तुकला और शांत वातावरण मन को सुकून देता है।
कॉफी बागानों में सैर
शाम को कूर्ग के मशहूर कॉफी एस्टेट्स में टहलें और ताजा बनी कॉफी की चुस्की लें। यही तो कूर्ग की असली पहचान है।
तीसरा दिन: बादलों के बीच आखिरी दिन
मंडलपट्टी व्यू पॉइंट
यात्रा के अंतिम दिन मंडलपट्टी व्यू पॉइंट जरूर जायें। शेयरिंग जीप से पहुंचने वाले इस स्थान पर खड़े होकर ऐसा महसूस होता है जैसे बादल आपके बिल्कुल करीब हों।
तलाकावेरी की आध्यात्मिक यात्रा
इसके बाद तलाकावेरी जायें, जिसे कावेरी नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। यहां प्रकृति और अध्यात्म का अनोखा संगम देखने को मिलता है। शाम को ढेर सारी यादें, तस्वीरें और सुकून भरे पल समेटकर घर की ओर लौट सकते हैं।
5 हजार रुपये में कैसे पूरी होगी ट्रिप?
खर्च का पूरा गणित
| मद | अनुमानित खर्च |
|---|---|
| बस से आना-जाना | ₹800 – ₹1000 |
| दो रात ठहरना | ₹1000 – ₹1500 |
| खाना-पीना | ₹1200 – ₹1500 |
| लोकल घूमना व टिकट | ₹800 – ₹1000 |
कुल खर्च
₹4500 से ₹5000 के बीच
यानी एक शानदार हिल स्टेशन ट्रिप, वो भी बिना जेब पर ज्यादा बोझ डाले।
क्यों खास है कूर्ग?
- हरियाली से घिरे कॉफी बागान
- खूबसूरत झरने और पहाड़
- कम भीड़भाड़ वाला शांत माहौल
- रोमांच और प्रकृति का बेहतरीन मेल
- बजट ट्रैवलर्स के लिए शानदार डेस्टिनेशन
इसे भी पढ़ें : जमीन के लिये चाचा पर चली गो’ली! भतीजे पर लगा संगीन आरोप…
इसे भी पढ़ें : शिरडी में साईं बाबा के दरबार पहुंचे हेमंत सोरेन, राज्यवासियों के सुख-समृद्धि की मांगी दुआ…
इसे भी पढ़ें : AI से पहले ही खत्म हो चुकी थीं ये नौकरियां, कभी रोजी-रोटी थीं…
इसे भी पढ़ें : शादी में जाना था, मौ’त ने रास्ते में रोक लिया… एक साथ बुझ गये 3 चिराग
इसे भी पढ़ें : कॉफी में संतरा मिलाकर पी रहे लोग! इंटरनेट पर छाया नया ड्रिंक ट्रेंड…












