Khunti : खूंटी के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के लापा बांध टोली निवासी सुनीत केरकेट्टा की गिरफ्तारी के विरोध में संयुक्त पड़हा संघ के नेतृत्व में दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने जरियागढ़ थाना का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुये गिरफ्तारी को गलत बताते हुये मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त और गरमा गया जब आक्रोशित ग्रामीण थाना परिसर के भीतर पहुंच गये। लोग गिरफ्तार सुनीत केरकेट्टा को तलाशने लगे, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इसके बाद प्रदर्शनकारी थाना के बाहर धरने पर बैठ गये और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि सुनीत का किसी भी आपराधिक या उग्रवादी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। उनका आरोप है कि पुलिस निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास कर रही है और विरोध करने वालों को जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
पत्नी ने सुनाई आधी रात की कहानी
सुनीत केरकेट्टा की पत्नी एग्नेशिया बागे ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस उनके घर पहुंची। दरवाजा खुलवाने के बाद घर की तलाशी ली गई और फिर हथियार बरामद होने का दावा करते हुये उनके पति को अपने साथ ले गयी। एग्नेशिया का आरोप है कि उन्हें पूरी प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर अज्ञात वर्दीधारी लोगों द्वारा पति को उठाकर ले जाने की शिकायत भी दर्ज कराई है।
पुलिस का दावा- PLFI से जुड़े मिले सुराग
दूसरी ओर पुलिस प्रशासन ने गिरफ्तारी को पूरी तरह वैधानिक बताया है। पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI से जुड़े कुछ मामलों की जांच के दौरान गिरफ्तार उग्रवादियों से बरामद डायरी में सुनीत केरकेट्टा का नाम और मोबाइल नंबर मिला था। इसी सूचना के आधार पर उनके घर में छापेमारी की गई। पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान हथियार और PLFI से संबंधित पर्चे बरामद हुये हैं। जांच में बक्सपुर समेत आसपास के क्षेत्रों के कुछ लोगों के उग्रवादी संगठन से जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं।
इसे भी पढ़ें : रांची एयरपोर्ट की सुरक्षा पर सख्त पहरा…
इसे भी पढ़ें : गुपचुप बेचने वाली महिला की ह’त्या का खुलासा, क्यों मा’री गई… जानें
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम से पहले पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, मॉक ड्रिल कर परखी तैयारियां…
इसे भी पढ़ें : भक्ति के रथ पर सवार होगा चौपारण… जानें कब
इसे भी पढ़ें : चलती कार बनी आ’ग का गोला, टोल प्लाजा के पास टला बड़ा हा’दसा…












