Patna : लंबे इंतजार के बाद पटना मेट्रो का प्रायोरिटी कॉरिडोर अब मलाही पकड़ी तक पहुंच गया है। CM सम्राट चौधरी ने नये विस्तारित कॉरिडोर का उद्घाटन किया और इसके साथ ही पाटलिपुत्र ISBT से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में लोगों को निशुल्क यात्रा कराई गई। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा—हर कोई पहली यात्रा को यादगार बनाने के लिये उत्साहित नजर आया। कई परिवार पहली बार मेट्रो में सवार हुये और राजधानी को आधुनिक परिवहन की नई पहचान मिलने पर खुशी जताई। अब यात्री ISBT, जीरो माइल, भूतनाथ और मलाही पकड़ी स्टेशनों के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर कर सकेंगे।
केवल 25 मिनट में पूरा होगा सफर
करीब 6.2 किलोमीटर लंबे इस प्रायोरिटी कॉरिडोर पर अधिकतम किराया 30 रुपये रखा गया है, जबकि बीच के स्टेशनों तक यात्रा के लिये 15 रुपये का टिकट देना होगा। मेट्रो का नियमित परिचालन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होगा। ISBT से मलाही पकड़ी तक की पूरी यात्रा लगभग 25 मिनट में पूरी हो जायेगी। मलाही पकड़ी और आसपास का इलाका राजधानी का प्रमुख चिकित्सा केंद्र माना जाता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। मेट्रो शुरू होने से अब बाईपास के ट्रैफिक जाम, धूल और लंबी यात्रा की परेशानी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। यात्रियों का कहना है कि कम किराया, सुरक्षित सफर और समय की बचत मेट्रो को राजधानी का सबसे भरोसेमंद परिवहन विकल्प बना सकती है।
फिलहाल खेमनीचक स्टेशन पर नहीं रुकेगी मेट्रो
अधिकारियों के अनुसार खेमनीचक स्टेशन पर अभी इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण कार्य जारी है। इसलिये फिलहाल यहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। मेट्रो भूतनाथ से सीधे मलाही पकड़ी पहुंचेगी। निर्माण पूरा होने के बाद इस स्टेशन को भी परिचालन से जोड़ दिया जायेगा।
31.9 किलोमीटर के नेटवर्क पर तेजी से काम
पटना मेट्रो परियोजना के तहत राजधानी में कुल 31.9 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। भविष्य में दानापुर से पटना बस स्टैंड तक मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद लाखों लोगों को रोजाना ट्रैफिक जाम और लंबी यात्रा से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार मीठापुर, पटना जंक्शन और अन्य हिस्सों में भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। आने वाले समय में राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक आधुनिक, तेज और सुविधाजनक होगी। पटना मेट्रो की जनसंपर्क पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने मीडिया से कहा कि यात्रियों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी ही इस परियोजना की सबसे बड़ी कामयाबी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल टिकट काउंटर से नकद या ऑनलाइन भुगतान के जरिये टोकन लेकर यात्रा की जा सकती है। मेट्रो कार्ड और पास की सुविधा बाद में शुरू की जायेगी।
#Live: पटना मेट्रो रेल परियोजना प्रायोरिटी कॉरिडोर अंतर्गत मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का लोकार्पण…. https://t.co/1PBTKZdTve
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) July 2, 2026
इसे भी पढ़ें : मोमोज खिलाकर नाबालिगों के साथ करता था महापाप, फिर क्या हुआ…जानें
इसे भी पढ़ें : 20 साल बाद राबड़ी देवी ने छोड़ा सरकारी बंगला, अब ये होगा नया पता…
इसे भी पढ़ें : 25 BDO को मिली सरकारी गाड़ी, मंत्री ने दिखाई हरी झंडी…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन ने खुद भरा SIR फॉर्म, दिया ये संदेश…
इसे भी पढ़ें : स्पीड पोस्ट से आया लेटर, दुमका कोर्ट में मची खलबली…








