Bihar : पटना की सियासत में गुरुवार का दिन एक बड़े बदलाव का गवाह बना। करीब दो दशक तक बिहार की राजनीति की धड़कन रहा 10 सर्कुलर रोड आखिरकार खाली हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने परिवार के साथ सरकारी आवास छोड़ दिया और भवन निर्माण विभाग को इसकी औपचारिक सूचना भी दे दी। यह वही बंगला है, जहां कभी सत्ता की रणनीतियां बनीं, राजनीतिक फैसले हुये और बिहार की राजनीति के कई अहम अध्याय लिखे गये। अब इस पते की पहचान बदलने जा रही है। यहां याद दिला दें कि पिछले साल नवंबर में राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड का सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया था। इसके बावजूद 10 सर्कुलर रोड खाली नहीं किया गया। इस दौरान भवन निर्माण विभाग ने कई नोटिस जारी किये। कुछ समय पहले राबड़ी देवी ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह बंगला खाली नहीं करेंगी, यहां तक कि सरकार चाहे तो बल प्रयोग कर सकती है। बाद में उन्होंने 5 जुलाई तक का समय भी मांगा था, लेकिन तय तारीख से पहले ही बंगला खाली कर दिया।
फिलहाल निजी आवास में रहेगा परिवार
सरकारी बंगला खाली करने के बाद लालू परिवार फिलहाल पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हो गया है। बताया जा रहा है कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नये सरकारी आवास में अभी मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा है। काम पूरा होने के बाद ही परिवार वहां जायेगा। नये सरकारी बंगले को सिर्फ रंग-रोगन तक सीमित नहीं रखा गया है। राबड़ी देवी ने भवन निर्माण विभाग से पत्र लिखकर लालू प्रसाद यादव की स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुये रैंप, लिफ्ट और एक आउटहाउस बनाने का अनुरोध किया था। विभाग ने इन बदलावों पर काम शुरू कर दिया है ताकि परिवार को किसी तरह की असुविधा न हो।
सामान कई ठिकानों पर पहुंचा
10 सर्कुलर रोड से हटाया गया जरूरी सामान कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रखा गया है। वहीं अन्य सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास और परिवार के अन्य परिसरों में भेजा गया है।
अब किसे मिलेगा 10 सर्कुलर रोड?
अब यह सरकारी आवास बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को सौंपा जायेगा। मई 2026 में ही उनके नाम इसका आवंटन हो चुका था, लेकिन बंगला खाली नहीं होने के कारण वे यहां नहीं आ सके थे। अब मरम्मत और रखरखाव का काम पूरा होते ही उन्हें यह आवास सौंप दिया जायेगा।
इसे भी पढ़ें : मोमोज खिलाकर नाबालिगों के साथ करता था महापाप, फिर क्या हुआ…जानें
इसे भी पढ़ें : 25 BDO को मिली सरकारी गाड़ी, मंत्री ने दिखाई हरी झंडी…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन ने खुद भरा SIR फॉर्म, दिया ये संदेश…
इसे भी पढ़ें : स्पीड पोस्ट से आया लेटर, दुमका कोर्ट में मची खलबली…
इसे भी पढ़ें : रांची पहुंचे कांग्रेस प्रभारी के. राजू, पूर्व केंद्रीय मंत्री का मना जन्मदिन








