West Bengal : पश्चिम बंगाल में TMC (तृणमूल कांग्रेस) को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने एक निजी बैंक में मौजूद पार्टी के तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा बताये जा रहे हैं। खाते फ्रीज होने के बाद फिलहाल इनसे किसी भी तरह का लेन-देन नहीं किया जा सकेगा। मामले ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। पुलिस अब पार्टी के अन्य बैंक खातों की भी जांच कर रही है। यदि किसी खाते में संदिग्ध गतिविधियां सामने आती हैं तो उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
पूर्व कोषाध्यक्ष के पत्र के बाद बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास ने हाल ही में बैंक को पत्र लिखकर पार्टी खातों से होने वाले वित्तीय लेन-देन पर अस्थायी रोक लगाने का अनुरोध किया था। उन्होंने आशंका जताई थी कि उनके हस्ताक्षर वाले कुछ खाली या अप्रयुक्त चेक का दुरुपयोग किया जा सकता है। अरूप बिस्वास के इस कदम के बाद पार्टी के भीतर नाराज गुट सक्रिय हो गया। ऋतब्रत बनर्जी खेमे से जुड़े विधायकों ने बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
खातों में संदिग्ध धन जमा होने का आरोप
शिकायत में तीन बैंक खातों का जिक्र करते हुये आरोप लगाया गया कि इन खातों में सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर गैर-कानूनी या अज्ञात स्रोतों से भारी रकम जमा की गई हो सकती है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आशंका जताई कि समय रहते जांच नहीं हुई तो डिजिटल सबूतों के साथ छेड़छाड़ या धनराशि ट्रांसफर की जा सकती है। शिकायत मिलने के बाद बिधाननगर साइबर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुये संबंधित बैंक को पत्र भेजा और तीनों खातों से डेबिट ट्रांजेक्शन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पार्टी के अन्य बैंक खातों की भी पहचान की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य खातों को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज किया जा सकता है।
विधानसभा तक पहुंचा मामला
पार्टी फंड को लेकर विवाद पिछले सप्ताह विधानसभा तक पहुंच गया था। खुद को “असली तृणमूल” का प्रतिनिधि बताने वाले ऋतब्रत बनर्जी ने विधानसभा में पार्टी फंड में कथित “ब्लैक मनी” जमा होने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर पार्टी के खातों में बड़ी मात्रा में अवैध धन या कथित “कट मनी” जमा की जा सकती है। उन्होंने पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पार्टी की छवि बचाने के लिये खातों को तत्काल फ्रीज करने की मांग की थी। 440 करोड़ रुपये वाले खातों पर रोक लगने के बाद तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक और संगठनात्मक चुनौतियां बढ़ सकती हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम पर 13 फीट से ऊंचे झंडों पर रोक, DJ पूरी तरह बैन…
इसे भी पढ़ें : हनुमान मंदिर की जमीन पर कब्जे का इल्जाम, गुस्साये लोगों ने ऑफिस घेरा…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर रांची में हाई अलर्ट, DC-SSP ने बुलाई बैठक…
इसे भी पढ़ें : रांची पुलिस का बड़ा एक्शन… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : मेधा डेयरी की पहल बनी गर्भवती का संबल, मिला 6 किलो घी…










