Kohramlive : महाराष्ट्र के परभणी जिले के यशवाड़ी गांव स्थित हनुमान मंदिर में शनिवार को हुये दर्दनाक हादसे का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने घटना की भयावहता को उजागर कर दिया है। मंदिर के सभा मंडप के अचानक ढह जाने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु मलबे की चपेट में आ गये। हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।सामने आये CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि हादसे से पहले मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु सभा मंडप के नीचे मौजूद थे। कुछ लोग कार्यक्रम में शामिल थे तो कई श्रद्धालु परिसर में आवाजाही कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मंडप का एक हिस्सा कमजोर पड़ता दिखाई देता है और देखते ही देखते छत का बड़ा भाग भरभराकर नीचे गिर जाता है।
मंडप गिरते ही मंदिर परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा। श्रद्धालु अपनी जान बचाने के लिये इधर-उधर भागने लगे, वहीं, कई लोग मलबे के नीचे दब गये। कुछ ही क्षणों में पूरा क्षेत्र धूल के गुबार से भर गया। फुटेज में लोगों को घायलों को मलबे से निकालने और सहायता के लिए पुकारते हुये भी देखा गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मंडप के नीचे बैठे श्रद्धालु सीधे मलबे की चपेट में आ गये। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर में मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने अपने स्तर पर मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
शुरूआती जानकारी के मुताबिक हादसे में आठ से दस लोग घायल हुये हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद प्रशासन को कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका थी, जिसके मद्देनजर व्यापक तलाशी और राहत अभियान चलाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव टीमों ने विशेष उपकरणों की सहायता से मलबा हटाकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाना था।
इसे भी पढ़ें : राज खुलने के डर से मां ने मासूम बेटे को म’रवा दिया…
इसे भी पढ़ें : झारखंड जगुआर में लगा विशेष योग शिविर…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर चौपारण में बड़ी बैठक…
इसे भी पढ़ें : TMC को बड़ा झटका! 440 करोड़ रुपये वाले 3 बैंक खाते फ्रीज…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम पर 13 फीट से ऊंचे झंडों पर रोक, DJ पूरी तरह बैन…










