Ranchi : राजधानी रांची की सड़कों पर फर्राटा भरने वाली चोरी की मोटरसाइकिलों का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो रांची, रामगढ़ और बोकारो से मोटरसाइकिल चुराकर उन्हें बिहार में औने-पौने दाम में बेचने का धंधा चला रहा था। देर रात शुरू हुई पुलिस की घेराबंदी ने गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया। वहीं, उनकी निशानदेही पर सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं।
बिना नंबर प्लेट की बाइक बनी शक की वजह
बीते19 जून की रात सिकिदिरी थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन रुकने के बजाय दोनों बाइक को तेज रफ्तार से ओरमांझी की ओर भगाने लगे। इसके बाद ओरमांझी थाना पुलिस ने गुडू मोड़ के पास नाकेबंदी कर दी। रात करीब 10 बजे पुलिस को सामने से आती संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पीछे सिकिदिरी थाना की गाड़ी भी लगी हुई थी। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन चारों तरफ से घेराबंदी होने के कारण बच नहीं सके। पकड़े गये युवकों की पहचान बिहार के नालंदा निवासी सिंदु कुमार और बोकारो निवासी अनिकेत कुमार उर्फ भोला के रूप में हुई।
बैग खुला तो खुल गया चोरी का राज
पुलिस ने जब अनिकेत के कंधे पर टंगे काले बैग की तलाशी ली तो उसमें मास्टर-की, प्लग रिंच, पेचकस और एक खुला नंबर प्लेट मिला। यहीं से पुलिस का शक यकीन में बदल गया।कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वे रांची, रामगढ़ और बोकारो से बाइक चोरी करते थे। इसके बाद इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर जाली कागजात तैयार किये जाते थे और फिर बिहार के गया इलाके में ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम बिहार के गया जिले पहुंची। वहां आमस थाना क्षेत्र के साव गांव में छापेमारी कर विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। वहीं रामगढ़ के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई एक अन्य बाइक भी बरामद की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना गया निवासी मृत्युंजय साव समेत कई अन्य युवक इस नेटवर्क से जुड़े हुये हैं। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
रांची पुलिस का बड़ा एक्शन… देखें वीडियो #RanchiNews #CrimeNews #BikeTheftGang #InterstateBikeThiefGang #RanchiPolice pic.twitter.com/yAYfjpB2q5
— KohramLive (@KohramLive) June 20, 2026
इसे भी पढ़ें : मेधा डेयरी की पहल बनी गर्भवती का संबल, मिला 6 किलो घी…
इसे भी पढ़ें : बैटरी दुकानदारों को लगाया चूना, ऐसे धराया…
इसे भी पढ़ें : मोबाइल झपटकर भागे बदमाश, चंद मिनटों में धरा गये…
इसे भी पढ़ें : PM मोदी बोले, बंगाल अब बेड़ियों से आजाद…
इसे भी पढ़ें : गुमला में खू’न से सनी सुबह, गांव में दहशत…










