Chouparan : हजारीबाग के चौपारण प्रखंड के सिंघरावां गांव में हनुमान मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा उबाल पर आ गया। सैकड़ों की संख्या में जुटे गांववाले अंचल कार्यालय पहुंचे और घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का इल्जाम है कि मंदिर की भूमि पर गलत दावा किये जाने से उनकी धार्मिक आस्था आहत हो रही है, वहीं, एनएच-2 के सिक्स लेन चौड़ीकरण और मंदिर पुनर्निर्माण का कार्य भी ठप पड़ गया है।
गांव की आस्था से जुड़ा है मामला
ग्रामीणों के अनुसार मौजा सिंघरावां के खाता संख्या 56, प्लॉट संख्या 1655 एवं 1656 की कुल 15 डिसमिल भूमि मूल रूप से चुल्हिया मसोमात (पति स्वर्गीय गोपाल साव) के नाम दर्ज थी। चूंकि चुल्हिया मसोमात की कोई संतान नहीं थी, इसलिये उन्होंने अपने जीवनकाल में यह जमीन हनुमान मंदिर के लिये दान कर दी थी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई धार्मिक स्थल इसी तरह दान में मिली जमीन पर बने हैं और वर्षों से यहां हनुमान मंदिर स्थापित है। ग्रामीणों ने गांव के ही दामोदर साव, कमलेश साव और विनोद साव पर मंदिर की जमीन पर अवैध दावा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन लोगों की ओर से किये जा रहे दावों के कारण मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य बाधित हो रहा है और विकास योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
भू-अर्जन दस्तावेज में भी दर्ज है मंदिर का नाम
विवादित भूमि एनएच-2 के सिक्स लेन चौड़ीकरण परियोजना के तहत अधिग्रहित की गई है। ग्रामीणों ने दावा किया कि भू-अर्जन विभाग द्वारा जारी पंचाट संख्या-78 में भी उक्त भूमि को स्पष्ट रूप से “चुल्हिया मसोमात हनुमान मंदिर” के नाम से दर्ज किया गया है। मुआवजे का निर्धारण भी इसी आधार पर किया गया है। अंचल कार्यालय के घेराव के दौरान पूर्व मुखिया प्रतिनिधि सुरेश साव ने कहा कि मंदिर की जमीन पर अवैध दावा धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ है और राष्ट्रीय महत्व की सड़क परियोजना में भी बाधा उत्पन्न कर रहा है। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाया तो वे चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर रांची में हाई अलर्ट, DC-SSP ने बुलाई बैठक…
इसे भी पढ़ें : रांची पुलिस का बड़ा एक्शन… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : मेधा डेयरी की पहल बनी गर्भवती का संबल, मिला 6 किलो घी…
इसे भी पढ़ें : बैटरी दुकानदारों को लगाया चूना, ऐसे धराया…
इसे भी पढ़ें : मोबाइल झपटकर भागे बदमाश, चंद मिनटों में धरा गये…










