UP : मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज में छह साल के मासूम अंगदवीर की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने बच्चे की मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि बेटे की हत्या की साजिश में गुरप्रीत ने अपने प्रेमी और मुख्य आरोपी अर्पित पाराशर का पूरा साथ दिया था। दोनों वारदात से पहले और बाद तक लगातार संपर्क में थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट रिकवर करने पर कई अहम साक्ष्य मिले हैं। जांच में पता चला कि हत्या के करीब दस मिनट बाद अर्पित ने गुरप्रीत को संदेश भेजकर “काम हो गया” की जानकारी दी थी। इसके जवाब में गुरप्रीत ने पूछा था कि किसी ने देखा तो नहीं। बाद में उसने पुलिस के हाथ CCTV फुटेज लगने की बात कहते हुये अर्पित को फोन न करने की सलाह दी थी। घटना के बाद दोनों ने अपनी चैट डिलीट कर दी थी, जिसे पुलिस ने तकनीकी सहायता से पुनः प्राप्त किया।
मां ने खुद बेटे को आरोपी के साथ भेजा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन गुरप्रीत ने अर्पित को अपने घर के पास बुलाया था। अर्पित कार लेकर पहुंचा, जिसके बाद गुरप्रीत अपने बेटे अंगदवीर को घर से बाहर लेकर आई और उसे कार में बैठे अर्पित के साथ जाने के लिये कहा। बच्चे को यह कहकर भेजा गया कि उसे घड़ी और चॉकलेट दिलाई जायेगी। इसके बाद गुरप्रीत अपने मायके चली गई।
CCTV फुटेज मिलने पर बढ़ी घबराहट
अंगदवीर के लापता होने के बाद जब पुलिस जांच के लिये गांव पहुंची और CCTV फुटेज मिलने की जानकारी सामने आई, तो गुरप्रीत ने अर्पित को संदेश भेजकर चेताया कि पुलिस गांव पहुंच चुकी है और फुटेज के आधार पर वह फंस सकता है। पुलिस को CCTV में अर्पित बच्चे को कार में ले जाते हुये दिखाई दिया था।
राज खुलने के डर से रची गई साजिश
पूछताछ में सामने आया कि घटना से कुछ दिन पहले अर्पित गुरप्रीत से मिलने उसके घर गया था। उस दौरान अंगदवीर ने दोनों को साथ देख लिया था। इसके बाद दोनों को आशंका थी कि बच्चा उनके संबंधों की जानकारी परिवार को दे सकता है। पुलिस के मुताबिक इसी डर के चलते दोनों ने मिलकर बच्चे को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जांच में यह भी सामने आया कि गुरप्रीत अपने पति से अलग होना चाहती थी और उसे लगता था कि बेटे की वजह से ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है। इसी कारण उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पहले अपहरण, फिर हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी अर्पित पाराशर ने बच्चे का अपहरण कर उसे अपने साथ ले गया और बाद में धारदार हथियार से उसकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा और बच्चे को नहर में फेंकने की कहानी सुनाता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर हस्तिनापुर क्षेत्र से बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस ने मीडिया को बताया कि तकनीकी साक्ष्य, व्हाट्सएप चैट और पूछताछ के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि गुरप्रीत कौर भी अपहरण और हत्या की साजिश में शामिल थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इसे भी पढ़ें : झारखंड जगुआर में लगा विशेष योग शिविर…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम को लेकर चौपारण में बड़ी बैठक…
इसे भी पढ़ें : TMC को बड़ा झटका! 440 करोड़ रुपये वाले 3 बैंक खाते फ्रीज…
इसे भी पढ़ें : मुहर्रम पर 13 फीट से ऊंचे झंडों पर रोक, DJ पूरी तरह बैन…
इसे भी पढ़ें : हनुमान मंदिर की जमीन पर कब्जे का इल्जाम, गुस्साये लोगों ने ऑफिस घेरा…










