Ranchi : झारखंड मंत्रालय भवन में बुधवार का दिन गांव-गरीब और पंचायतों के नाम रहा। CM हेमंत सोरेन ने पंचायती राज विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग की हाई लेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में बात हो रही थी गांव की टूटी सड़कों की, पंचायत भवनों की, महिलाओं की सुरक्षा की और उस आखिरी इंसान की, जो आज भी सरकारी योजनाओं के भरोसे बेहतर जिंदगी का सपना देख रहा है। CM हेमंंत सोरेन ने साफ कहा कि गांव मजबूत होगा, तभी झारखंड मजबूत होगा। बैठक में पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों के साथ लंबी समीक्षा के दौरान CM हेमंत सोरेन ने गांवों के विकास को लेकर कई बड़े निर्देश दिये।
पंचायत भवन गांव की उम्मीद का केंद्र बने
CM हेमंत सोरेन ने पंचायतों को सिर्फ कागजी कार्यालय नहीं, बल्कि गांव की असली ताकत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंचायतों के जरिये बाल विवाह रोकने, महिला हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाये। बैठक में एक अलग तस्वीर भी उभरी। अब पंचायत भवनों में सूखा और गीला कचरा अलग रखने की व्यवस्था होगी। प्लास्टिक पृथक्करण पर भी विशेष जोर दिया जायेगा। CM ने विशेषज्ञों की मदद से “सॉलिड बेस्ड मैनेजमेंट” की ठोस योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने पंचायत सचिवालय प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण, शुद्ध पेयजल, साफ शौचालय, बिजली और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिये।
अब पंचायत में मिलेगी डिजिटल ताकत
CM हेमंत सोरेन ने पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिये इधर-उधर भटकना नहीं पड़े। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंचायत सचिवालय से मिलने वाली सभी सेवायें समय पर और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंचे। वहीं, ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिये ठोस योजना बनाने का निर्देश दिया।
सड़क बनेगी तो गांव दौड़ेगा
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान CM हेमंत सोरेन का फोकस गांवों की सड़कों पर रहा। उन्होंने साफ कहा कि ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होगा, तभी विकास की रफ्तार तेज होगी। CM हेमंत सोरेन ने सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। वहीं, गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने की चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें गांव की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगी और लोगों की जिंदगी आसान बनायेंगी।
महिला लाभुक का बढ़ाया हौसला
बैठक के दौरान CM हेमंत सोरेन ने ऑनलाइन माध्यम से बरहेट पंचायत सचिवालय में चल रही सेवाओं की जानकारी ली। वहां मौजूद एक महिला लाभुक से बातचीत कर उनका हौसला भी बढ़ाया। उस पल मंत्रालय का माहौल केवल सरकारी समीक्षा का नहीं, बल्कि गांव की आवाज सुनने का बन गया। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, पंचायती राज निदेशक राजेश्वरी बी समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : 5 घंटे में पटना, CM सम्राट का नया प्लान…
इसे भी पढ़ें : रांची में घर छोड़ निकले भाई-बहन, 48 घंटे बाद यहां मिले… जानें
इसे भी पढ़ें : 80 करोड़ लोगों के लिए केंद्रीय कैबिनेट का बड़ा फैसला…
इसे भी पढ़ें : पूर्व CM के यहां ED ने दी दबिश…
इसे भी पढ़ें : झुलसाती गर्मी के बीच बदला मौसम, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट…






