Ranchi : CM हेमंत सोरेन के निर्देश पर शुरू हुये राज्यव्यापी नशामुक्ति अभियान के तहत बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में शामिल हजारों युवाओं के जोश को देखकर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि यह सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि झारखंड को नशे की गिरफ्त से मुक्त कराने का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना है कि झारखंड का युवा नशे से दूर रहे और अपनी ऊर्जा राज्य के विकास में लगाये। आज युवाओं ने कदम से कदम मिलाकर इस संकल्प को साकार करने का प्रण लिया है।
रांची की सड़कों पर उमड़ा युवा जोश
मैराथन दौड़ बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची। रास्ते भर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी, कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ खिलाड़ियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने इसमें भाग लिया। हर चेहरा एक संदेश दे रहा था, “नशा नहीं, शिक्षा और विकास चाहिये।”
युवाओं ने ली शपथ, नशे से रहेंगे दूर
कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित युवाओं और आमजनों को नशे से दूर रहने तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत झारखंड की पहचान हैं और राज्य का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद मैराथन और साइकिल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि नशामुक्ति के साथ-साथ झारखंड के युवाओं ने राज्य को बेहतर, मजबूत और समृद्ध बनाने का भी संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज, जागरूक युवा और नशामुक्त पीढ़ी ही विकसित झारखंड की मजबूत नींव हैं। आज की मैराथन ने यह साबित कर दिया है कि झारखंड का युवा सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
साइकिल प्रतियोगिता : पुरुष वर्ग
- शरद अहीर
- सुभास उरांव
- गुलशन डूंगडूंग
साइकिल प्रतियोगिता : महिला वर्ग
- पूजा सिंह
- निशा कुमारी
- मंजू कुमारी
प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विशेष प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। प्रदर्शनी के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव और जागरूकता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इसे भी पढ़ें : 15 साल का तूफान और अलग ड्रेसिंग रूम, मौका मिला तो टूट जायेगा ये रिकॉर्ड…
इसे भी पढ़ें : CISF DIG का तबादला, इस IPS की हो सकती है एंट्री…
इसे भी पढ़ें : हाईकोर्ट ने कहा, अब मोहलत नहीं मिलेगी…
इसे भी पढ़ें : गैंगस्टर के इस गुर्गे के पास मिले 3 उम्दा पिस्टल और 33 जिंदा गोलियां…
इसे भी पढ़ें : रांची में सड़कों पर उतरे पुलिस अफसर और RAF… देखें वीडियो












