Ranchi : सेना और अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिये झारखंड सरकार ने रोजगार का बड़ा अवसर दिया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य की विभिन्न जेलों में कक्षपाल (पुरुष) और महिला कक्षपाल के रिक्त पदों को भरने के लिये 340 पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू कर दी है। खास बात यह है कि यह भर्ती केवल भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिये होगी। नियुक्ति अनुबंध के आधार पर की जायेगी और चयन के लिये 12 अगस्त को हजारीबाग में वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित होगा।
महिलाओं के लिये भी अवसर
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 340 रिक्त पदों में 321 पद पुरुष कक्षपाल एवं 19 पद महिला कक्षपाल के लिये निर्धारित किये गये हैं। प्रारंभिक तौर पर नियुक्ति एक वर्ष के लिये होगी। हालांकि विभागीय आवश्यकता के अनुसार अनुबंध अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
20 हजार मासिक वेतन, हर साल बढ़ेगा मानदेय
चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 20,000 रुपये का एकमुश्त मानदेय दिया जायेगा। वहीं, कर्मचारियों को हर वर्ष 8 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ भी मिलेगा। सरकार ने इस बहाली को आकर्षक बनाने के लिये कई सुविधाएं भी तय की हैं। साल में 20 दिनों का क्षतिपूर्ति अवकाश, सरकारी कार्य के दौरान यात्रा एवं दैनिक भत्ता, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में राज्य पुलिसकर्मियों के समान अनुग्रह अनुदान। इन सुविधाओं को पूर्व सैनिकों के लिये विशेष राहत माना जा रहा है।
55 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 1 जून 2026 को अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिये। हालांकि कम उम्र के पूर्व सैनिकों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दिये जाने की संभावना है। ड्राइविंग, कंप्यूटर संचालन, चिकित्सा कार्य या अन्य तकनीकी अनुभव रखने वाले पूर्व सैनिकों को चयन प्रक्रिया में विशेष वरीयता दी जायेगी। चयनित उम्मीदवारों को तैनाती से पहले एक माह का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जायेगा।
बिना इन दस्तावेजों के नहीं मिलेगा मौका
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों को मूल एवं स्व-अभिप्रमाणित प्रतियों के साथ निम्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे
- डिस्चार्ज कार्ड
- पहचान पत्र
- शैक्षणिक प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मूल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आवेदन तत्काल निरस्त कर दिया जायेगा। सूत्रों के अनुसार इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता (TA) प्रदान नहीं किया जायेगा। इसलिये उम्मीदवारों को अपने खर्च पर हजारीबाग पहुंचना होगा।
प्रमुख रिक्तियां
- मंडल कारा धनबाद – 40 पुरुष, 4 महिला
- चास (बोकारो) – 27 पुरुष, 3 महिला
- कोडरमा – 18 पुरुष, 3 महिला
- चतरा – 29 पुरुष, 3 महिला
- गिरिडीह – 24 पुरुष, 1 महिला
- रामगढ़ – 14 पुरुष, 1 महिला
- बरही – 21 पुरुष, 1 महिला
- इसके अलावा अन्य जेलों में भी पद उपलब्ध हैं।
12 अगस्त को हजारीबाग में होगा इंटरव्यू
सभी अभ्यर्थियों को 12 अगस्त 2026 को सुबह लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा, हजारीबाग में उपस्थित होना होगा। वहीं शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण भी इंटरव्यू प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।
इसे भी पढ़ें : बिजली निगम के मानव दिवस कर्मियों की हुंकार…
इसे भी पढ़ें : नशे के खिलाफ दौड़ा झारखंड, PRD की प्रदर्शनी बनी मनमोहक…
इसे भी पढ़ें : 15 साल का तूफान और अलग ड्रेसिंग रूम, मौका मिला तो टूट जायेगा ये रिकॉर्ड…
इसे भी पढ़ें : CISF DIG का तबादला, इस IPS की हो सकती है एंट्री…
इसे भी पढ़ें : हाईकोर्ट ने कहा, अब मोहलत नहीं मिलेगी…












