Ranchi : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी के होटल BNR चाणक्या में आयोजित संवेदीकरण कार्यशाला में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार का रोडमैप सामने रखा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवायें पहुंचाना है। कार्यक्रम में मंत्री ने अंतरा पोस्टर, इम्प्लांट पोस्टर और पीपीएफ पोस्टर का अनावरण किया। वहीं परिवार नियोजन, जनसंख्या नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सहिया, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मियों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
‘रांची में एम्स और RIMS-2 हमारी प्राथमिकता’
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वर्तमान में झारखंड के मरीजों का सबसे अधिक दबाव रिम्स पर है। इसे देखते हुये केंद्र सरकार के समक्ष रांची में एम्स की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, RIMS-2 को भी जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिये निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार हो सके।
सदर अस्पतालों में बढ़ेंगी सुविधायें
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। सामान्य प्रसव को बढ़ावा देने और जरूरतमंद महिलाओं को बेहतर सुविधा देने के लिये सी-सेक्शन प्रसव हेतु विशेष सेंटर विकसित करने की योजना पर भी काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि सहिया बहनों के लिये 400 छोटे एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार के समक्ष रखा गया है। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को केवल चुनौती नहीं, बल्कि बेहतर मानव संसाधन के रूप में विकसित करने का अवसर भी माना जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और परिवार नियोजन पर विशेष ध्यान देकर राज्य के समग्र विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से शिशु मृत्यु दर, कुपोषण और परिवार नियोजन को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान तेज करने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का दावा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और बीमारियों से होने वाली मौतों में कमी के कारण औसत आयु बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिये जागरूकता, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवायें और परिवार नियोजन सबसे प्रभावी उपाय हैं।
डॉक्टरों ने साझा किये अनुभव
कार्यक्रम में रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा, खूंटी के सिविल सर्जन, डॉ. ललित रंजन पाठक सहित कई चिकित्सकों ने जनसंख्या नियंत्रण, परिवार नियोजन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किये। कार्यशाला में राज्यभर से आये चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सहिया, एएनएम, मुखिया और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जनसंख्या नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों का सम्मान रहा।


इसे भी पढ़ें : बरही SDO खुद पहुंचे चोरदाहा… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : बिना कागजात ढो रहा था बालू, ट्रैक्टर जब्त…
इसे भी पढ़ें : चौपारण में स्कूल में सेंध, घंटों में खुला राज…
इसे भी पढ़ें : 16 साल की लड़की का पीछा करने पर मशहूर एक्टर गिरफ्तार…
इसे भी पढ़ें : गोविंदा ने पत्नी के बारे में किया मजेदार खुलासा…








