Ranchi : झारखंड ऊर्जा विकास निगम के विभिन्न सप्लाई एरिया बोर्ड में कार्यरत मानव दिवस और आउटसोर्सिंग कर्मियों की सुरक्षा को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने गंभीर चिंता जताई है। संघ के अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद विभाग और संबंधित एजेंसियां अब भी संवेदनहीन बनी हुई हैं, जिससे श्रमिकों की जान जोखिम में पड़ रही है। अजय राय ने कहा कि हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न सप्लाई एरिया में आधा दर्जन से अधिक दुर्घटनायें हो चुकी हैं। इन घटनाओं में कई कर्मियों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुये हैं। उनका आरोप है कि इन हादसों के बाद भी पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा, आर्थिक सहायता या अन्य आवश्यक सहयोग नहीं मिल सका है। उन्होंने इसे श्रमिकों के प्रति विभाग और संबंधित एजेंसियों का संवेदनहीन रवैया बताते हुये कहा कि यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
तो बच सकती थीं जानें
संघ अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि यदि सभी कर्मियों को निर्धारित सेफ्टी किट, नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाता, तो कई दुर्घटनाओं को टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की जान जोखिम में डालकर काम कराना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने राज्य सरकार और निगम प्रबंधन से मांग की है कि सभी दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराई जाये। लापरवाही के दोषी अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई हो। मृतक और घायल कर्मियों के परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता दी जाये। राज्य के सभी सप्लाई एरिया बोर्ड में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये। अजय राय ने कहा कि यदि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाये गये तो झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ श्रमिक हित में व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिये बाध्य होगा।
इसे भी पढ़ें : स्वास्थ्य मंत्री बोले, हर जरूरतमंद तक पहुंचे बेहतर इलाज…
इसे भी पढ़ें : बरही SDO खुद पहुंचे चोरदाहा… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : बिना कागजात ढो रहा था बालू, ट्रैक्टर जब्त…
इसे भी पढ़ें : चौपारण में स्कूल में सेंध, घंटों में खुला राज…
इसे भी पढ़ें : 16 साल की लड़की का पीछा करने पर मशहूर एक्टर गिरफ्तार…








