Latehar : एक तरफ अस्पतालों के चक्कर काटते मरीज, दवा के लिये भटकते गरीब परिवार और दूसरी तरफ जंगल के किनारे फेंकी गई सरकारी दवाइयां। लातेहार के मनिका से सामने आई यह तस्वीर अब झारखंड की सियासत में बड़ा मुद्दा बन गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दवाइयों का मामला नहीं है, बल्कि गरीबों के इलाज के अधिकार, जनता के टैक्स के पैसे और सरकारी जवाबदेही को सड़क पर फेंक देने जैसा है। खबर है कि मनिका थाना और दोमुहान नदी के बीच जंगल क्षेत्र में बड़ी मात्रा में सरकारी दवाइयां फेंकी हुई मिलीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। इस वीडियो को साझा करते हुये बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया कि जब राज्य के अस्पतालों में मरीज दवा के लिये परेशान हैं, तब लाखों रुपये की सरकारी दवाइयां आखिर जंगल तक कैसे पहुंच गईं?
दवाइयां सड़क किनारे पड़ी हैं
बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से कहा कि झारखंड का गरीब मरीज आज भी सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं के लिये संघर्ष कर रहा है। कहीं डॉक्टर नहीं हैं, कहीं बेड नहीं है, तो कहीं जांच की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां कुछ सुविधायें उपलब्ध हैं, वहां दवाओं की कमी की शिकायतें सामने आती रहती हैं। ऐसे में जंगल में फेंकी गई सरकारी दवाइयां स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को उजागर करती हैं। नेता प्रतिपक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर भी तंज कसते हुये कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार और मंत्री आलोचनाओं से परेशान दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल रील और कैमरों से नहीं चलते। मरीजों का इलाज बयानबाजी या सोशल मीडिया पोस्ट से नहीं होता। असली जरूरत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और जवाबदेही तय करने की है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब पत्रकार, विपक्ष या आम लोग सरकार की विफलताओं पर सवाल उठाते हैं, तो जवाब देने के बजाय मुकदमे और केस की धमकी दी जाती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोकतंत्र में जनता अपने टैक्स के पैसे का हिसाब भी नहीं मांग सकती? क्या सरकार से जवाब मांगना अपराध हो गया है?
इसे भी पढ़ें : तीन वारंटी को घर से उठाकर भेजा गया जेल…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में 29 टीमों ने एक साथ की छापेमारी… रिजल्ट जानें
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, मजदूरों की बदलेगी तकदीर…
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की लिस्ट… देखें
इसे भी पढ़ें : 5 घंटे में किडनैपिंग का खेल खत्म, गढ़वा पुलिस ने ऐसे छुड़ाया युवक… जानें







