Garhwa(Nityanand Dubey) : भीषण गर्मी, पानी की किल्लत, अधूरी सड़कें, स्कूलों की व्यवस्था और किसानों के बकाया भुगतान जैसे मुद्दों को लेकर गढ़वा में विकास योजनाओं की बड़ी समीक्षा बैठक हुई। समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में सांसद ने जिले में संचालित केंद्रीय और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की और कई अहम निर्देश जारी किये। इस दौरान DC पशुपति नाथ मिश्रा, गढ़वा विधायक सतेन्द्र नाथ तिवारी, भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव समेत कई जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी मौजूद रहे।
सभी लंबित परियोजनायें समय पर पूरी करने का निर्देश
बैठक में सड़क और पुल-पुलिया निर्माण कार्य प्रमुख मुद्दा रहा। सांसद ने एनएच-75 सहित जिले की सभी लंबित सड़क परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान हटाये गये चापाकलों को दोबारा स्थापित किया जाये, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
सोन-कनहर योजना जल्द पूरी करने का आदेश
भीषण गर्मी को देखते हुये सांसद ने सोन-कनहर पाइपलाइन जलापूर्ति योजना को जल्द से जल्द पूरा करने पर जोर दिया। वहीं, खराब पड़े चापाकलों और क्षतिग्रस्त सड़कों की युद्धस्तर पर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में पेयजल की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाये।
प्रॉक्सी टीचर पर भड़के सांसद, कार्रवाई के दिये निर्देश
शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद वीडी राम ने स्कूलों में कथित ‘प्रॉक्सी टीचर’ की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी शिक्षक की जगह कोई दूसरा व्यक्ति पढ़ाते हुये पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये। वहीं, निजी स्कूलों द्वारा वसूली जा रही अतिरिक्त फीस की जांच कराने का भी निर्देश दिया। स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने डंडई प्रखंड अस्पताल में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। बरसात के मौसम को देखते हुये सर्पदंश की घटनाओं से निपटने के लिये पर्याप्त दवाओं और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता और सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। धान अधिप्राप्ति के बाद किसानों को बोनस और भुगतान मिलने में हो रही देरी पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के लंबित भुगतान का जल्द निपटारा किया जाये, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
भूमाफियाओं पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों को भी गंभीरता से उठाया गया। सांसद ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाये और आम लोगों की जमीन की सुरक्षा की जाये। बैठक में सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि सकारात्मक सोच, संवेदनशील प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से ही जिले का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाये। बैठक में पुलिस कप्तान आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) तथा अन्य अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से शामिल हुये।
इसे भी पढ़ें : मनिका के जंगल में मिलीं सरकारी दवाइयां, भड़के बाबूलाल…
इसे भी पढ़ें : तीन वारंटी को घर से उठाकर भेजा गया जेल…
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में 29 टीमों ने एक साथ की छापेमारी… रिजल्ट जानें
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, मजदूरों की बदलेगी तकदीर…
इसे भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव के लिए BJP ने जारी की लिस्ट… देखें







