Ranchi : राजधानी रांची में चोरों का इकबाल बुलंद है। रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित न्यू खटंगा में एक बड़ी चोरी की वारदात ने इलाके के लोगों को दहशत में डाल दिया है। मेधा डेयरी में कार्यरत एक कर्मचारी के बंद घर को निशाना बनाते हुये चोरों ने करीब 25 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त सामने आई जब परिवार नेपाल यात्रा से लौटकर घर पहुंचा। घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
सैर-सपाटे पर गया था परिवार, पीछे से साफ हो गया घर
जानकारी के अनुसार न्यू खटंगा निवासी अनीश कुमार भारती अपने परिवार के साथ कुछ दिनों के लिये नेपाल घूमने गये हुये थे। घर बंद रहने के कारण उन्होंने एहतियातन मोहल्ले के एक दुकानदार को घर की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी। बताया गया कि दुकानदार को रात में घर पर रुककर देखरेख करने के लिये भी कहा गया था। लेकिन इसी दौरान चोरों ने मौका भांप लिया और बंद पड़े घर को निशाना बना डाला। नेपाल से वापस लौटने पर परिवार ने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है। पास जाकर देखने पर पता चला कि ताला तोड़ा जा चुका था। घर के अंदर प्रवेश करते ही परिवार के होश उड़ गये। कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे, सामान बिखरा हुआ था और अलमारी के लॉकर खाली थे। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गये।
15 हजार नकद और 25 लाख के गहने गायब
अनीश कुमार भारती ने पुलिस को बताया कि घर से लगभग 15 हजार रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हो गये हैं। परिवार का कहना है कि वर्षों की जमा-पूंजी और पारिवारिक गहने एक ही रात में गायब हो गये, जिससे वे गहरे सदमे में हैं। जिस दुकानदार को घर की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी, उसने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात वह किसी कारणवश घर पर सोने नहीं जा सका। पुलिस अब इस तथ्य की भी जांच कर रही है कि क्या चोरों को घर के खाली होने की पहले से जानकारी थी या फिर उन्होंने मौके का फायदा उठाया। खेलगांव थाना पुलिस इस घर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। राजधानी रांची में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर ऐसे घर, जो कुछ दिनों के लिये बंद रहते हैं, अपराधियों के आसान निशाने बनते जा रहे हैं। न्यू खटंगा की इस वारदात के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं।
इसे भी पढ़ें : 5 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी, ‘मामा’ ने ले ली जा’न…
इसे भी पढ़ें : एक साथ 40 अधिकारियों का तबादला…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन ने अफसरों को दिया मिशन मोड में काम करने का मंत्र…
इसे भी पढ़ें : खेत से उठी चीख पर बेकाबू हुई भीड़, युवक के मा’रे जाने के बाद मचा ब’वाल…
इसे भी पढ़ें : BIT मेसरा में झारखंडी छात्रों को बड़ा झटका, खत्म हुआ 50% स्टेट कोटा…







