Koderma : कोडरमा के जयनगर में एक वृद्ध व्यक्ति को हाथी ने कुचल डाला। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। दरअसल सोमवार रात जंगली हाथियों का झुंड गांव की तरफ आ रहा था। हाथियों को भगाने के दौरान 65 वर्षीय खलील खान हाथियों की चपेट में आ गया। वहीं परिजनों ने मुआवजे की मांग पर शव को उठने नहीं दिया।
मृतक खलील खान जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कटहाडीह पंचायत के खेशकरी का रहने वाला था। सोमवार की रात लगभग 9 बजे ग्रामीणों को हाथियों के झुंड कटहाडीह गांव की तरफ प्रवेश करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कटहाडीह, खेशकरी गांव के दर्जनों लोगों ने आग जलाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया। इसी बीच हाथियों ने खलील खान को अकेले देख कर उसे पैर से कुचल कर मार डाला।
इसे भी पढ़ें : बच्चों के सपने साकार करने में सारथी की भूमिका निभाएगा झारखंड डिजि एप
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार की सुबह पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, जंगली हाथियों को भगाने के लिए रात भर स्थानीय पुलिस के अलावा वन कर्मी और ग्रामीण जुटे रहे। इसके बाद हाथियों को रेलवे लाइन पार करा हजारीबाग जिला की ओर भगाया गया है।
इधर ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शव को उठाने नहीं दिया। वहीं, मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के आश्रितों को अग्रिम सहायता के लिए 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
इसे भी पढ़ें : झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बंदी उरांव का निधन
इसे भी पढ़ें : बिहार के बाद अब बंगाल और असम में भी कांपी धरती, इतनी तीव्रता से आया भूकंप






