Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में परचून दुकानों पर नमक-तेल और साबुन बिकने की जगह पेट्रोल बिक रहा था। सदर SDO संजय कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने गढ़वा और मझिआंव इलाके के कई दुकानों एक साथ छापा मारा। वहां का सच देखकर अधिकारी भी हैरान रह गये। किराना दुकानों और जनरल स्टोर्स के भीतर चोरी-छिपे पेट्रोल का भंडारण किया जा रहा था। प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल भरकर खुलेआम ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।
7 दुकानों में मिला अवैध पेट्रोल का खेल
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने सात दुकानों में अवैध पेट्रोल बिक्री का खुलासा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुये पांच दुकानों को मौके पर ही सील कर दिया गया, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई की जद में आये लोगों में रामसागर राम, सुकृत मेहता, उमेश मेहता, सतीश कुमार पांडेय, राधाकृष्ण मेहता, सुभाष मेहता और प्रमोद प्रसाद केसरी समेत अन्य शामिल हैं।
अब पेट्रोल पंप संचालकों पर भी शिकंजा
जांच के दौरान कई दुकानदारों ने कबूल किया कि वे पेट्रोल पंपों से तेल खरीदकर छोटे स्तर पर बेच रहे थे। अब प्रशासन उन पेट्रोल पंप संचालकों से भी जवाब मांग रहा है, जिनके जरिये यह अवैध सप्लाई चेन चल रही थी। गढ़वा प्रशासन अब सिर्फ दुकानदारों पर नहीं, बल्कि इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी में है।
“यह सिर्फ अवैध नहीं, बेहद खतरनाक भी”
SDO संजय कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि बिना लाइसेंस पेट्रोल का भंडारण और बिक्री करना कानूनन अपराध है और किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल बेचने का अधिकार सिर्फ लाइसेंसधारी पेट्रोल पंप डीलरों को है। अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के साथ-साथ ऐसे स्रोतों से तेल खरीदने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई हो सकती है। SDO ने नाराजगी जताते हुये कहा कि पहले ही अंचल अधिकारियों, थाना प्रभारियों और बीएसओ को ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाने के निर्देश दिये गये थे। इसके बावजूद यह धंधा चलना प्रशासनिक लापरवाही को भी उजागर करता है। उन्होंने संकेत दिये कि अब संबंधित अधिकारियों से भी जवाब-तलब किया जायेगा। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ अधिकृत पेट्रोल पंपों से ही ईंधन खरीदें। वहीं, यदि कहीं बोतलों में चोरी-छिपे पेट्रोल बिकता दिखे, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें।
इसे भी पढ़ें : दनुआ घाटी में फिर चीखी रफ्तार, पलभर में…
इसे भी पढ़ें : लाइन होटलों में पुलिस की रेड…
इसे भी पढ़ें : भक्ति के रंग में रंगी चौपारण की रात…
इसे भी पढ़ें : 80 साल का पति बना का’तिल, खुद थाने पहुंच बोला, ‘मैंने उसे मा’र डाला…’
इसे भी पढ़ें : रिम्स हॉस्टल में MBBS छात्र का मिला श’व, सनसनी…






