रांची : हाल ही में संसद द्वारा पास नए कृषि बिल को लेकर राज्यभर में धरना प्रदर्शन का दौर जारी है। 25 सितंबर को पूरे झारखंड में विभिन्न राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों के लोगों ने कृषि बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया। राजधानी रांची में भी राष्ट्रीय जनता दल ने राजभवन के समक्ष प्रदर्शन किया, जिसका नेतृत्व राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने किया। वहीं रांची में ही किसान समन्वय संघर्ष समिति के बैनर तले शहीद चौक से राजभवन होते हुए अलबर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार के विरोध में हल्ला बोला।
इसे भी पढे : लगातार बारिश से साहिबगंज में सड़क कटी, झारखंड का बंगाल से संपर्क टूटा
कृषि बिल को वापस लें या संशोधन करें
राजभवन के पास धरना के दौरान प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि बिल को वापस ले या उसमें आवश्यक संशोधन किया जाए। उनका कहना है कि ये बिल किसानों के हित के लिए नहीं है, बल्कि इस बिल के पास होने के वजह से किसानों का शोषण होगा। उन्होंने बताया कि पंजाब और हरियाणा के जागरूक किसान रेल की पटरियों पर धरणा देकर अपना हक मांग रहे हैं। उनका कहना कि इस बिल के पास होने का लाभ केवल पूंजीपतियों को होगा न कि किसानों को। इसके साथ ही केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बन गई है और सरकार की मंशा गरीबों की कमर तोड़ने की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल किसानों और गरीबों की पार्टी है और हमारी पार्टी उनके हक के लिए हमेशा से आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि किसानों का समर्थन करते हुए आगे की रणनीति बनाएंगे और रोड पर उतरने का काम करेंगे, चक्का जाम करेंगे।
इसे भी पढे : विधवा के बैंक खाते से निकाल लिये पांच लाख रुपये, आरोपी मुखिया गिरफ्तार
कृषि बिल के खिलाफ साहिबगंज में भी प्रदर्शन
साहिबगंज में कृषि बिल के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने भी सकरीगली में जिला संयोजक रणधीर प्रसाद चौरसिया की अगुवाई में प्रदर्शन किया। साथ ही विभिन्न जगहों में रैली निकाल प्रदर्शन किया गया। मौके पर रामदयाल मंडल धनंजय मंडल,धर्मु मंडल , गोपाल मंडल, प्रकाश मंडल सहित अन्य मौजूद रहे।
इसे पढे : आईपीएल : पंजाब से भी हारी बेंगलुरु की टीम, केएल राहुल ने खेली धुआंधार पारी
पूर्वी सिंहभूम में भी विरोध-प्रदर्शन किया गया
कृषि बिल के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ और बहरागोड़ा में भी विभिन्न संगठनों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। धालभूमगढ़ में एसयूसीआई, ऑल इंडिया कृषक खेत मजदूर संगठन, महिला संगठन और छात्र संगठन एआईडीएसो ने भारत बंद का समर्थन किया। वहीं, घोड़ाधुवा गांव में केंद्रीय कृषि मंत्री का पुतला दहन किया। दूसरी ओर, बहरागोड़ा प्रखंड के माषडा गांव में कृषि बिल के खिलाफ सीपीआईएम ऑल इंडिया कृषक खेत मजदूर संगठन द्वारा प्रदर्शन किया गया।
इसे भी पढे : 20 सालों से सिर्फ गुलाबी कपड़े पहन रही हैं मिस पिंक