Bihar : बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करने पहुंचे CM सम्राट चौधरी के हेलीकॉप्टर को सोमवार को उड़ान के दौरान असंतुलन का सामना करना पड़ा। टेकऑफ के कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर हवा में लड़खड़ाया। हालांकि पायलट ने स्थिति संभाल ली और हेलीकॉप्टर सुरक्षित पटना के लिये रवाना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब 50 मीटर बाद हेलीकॉप्टर अचानक असंतुलित हुआ। करीब 400 मीटर आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर वह लड़खड़ाता नजर आया। दूसरी बार हेलीकॉप्टर जमीन से करीब चार-पांच फीट ऊपर तक आ गया। इससे मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और लोगों में कुछ देर के लिये अफरा-तफरी मच गई। पायलट ने दिशा बदली और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित आगे ले गया। हेलीकॉप्टर के असंतुलित होने की वजह अभी साफ नहीं है। तकनीकी खराबी, हवा का दबाव या कोई अन्य कारण रहा, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इससे पहले CM ने भागलपुर, बाढ़ प्रभावित इलाकों और विक्रमशिला पुल का हवाई सर्वे किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ और राहत कार्यों की समीक्षा भी की।









