Kohramlive : केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के केंद्रीय बोर्ड में तीन नये अंशकालिक गैर-सरकारी निदेशक नियुक्त किये हैं। इनमें पूर्व राजनयिक सैयद अकबरुद्दीन, पूर्व नौकरशाह एनी जॉर्ज मैथ्यू और BCG India के चेयरमैन जनमेजय कुमार सिन्हा शामिल हैं। तीनों की नियुक्ति 24 अगस्त 2026 से चार साल के लिये या अगले आदेश तक की गई है। RBI ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
बोर्ड में बढ़ेगा विशेषज्ञता का दायरा
इन नियुक्तियों से RBI के केंद्रीय बोर्ड में कूटनीति, प्रशासन और कारोबारी रणनीति का अनुभव जुड़ेगा। इससे बोर्ड के फैसलों में अलग-अलग क्षेत्रों की विशेषज्ञता शामिल होने की उम्मीद है। अकबरुद्दीन अंतरराष्ट्रीय मामलों के विशेषज्ञ हैं और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि रह चुके हैं। एनी जॉर्ज मैथ्यू को प्रशासनिक क्षेत्र का लंबा अनुभव है। वहीं, जनमेजय कुमार सिन्हा कारोबार और प्रबंधन रणनीति के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
आनंद महिंद्रा और सोमनाथ भी बोर्ड में
RBI बोर्ड में हाल ही में दो और बड़े नाम जुड़े हैं। उद्योगपति आनंद गोपाल महिंद्रा को फिर से अंशकालिक गैर-सरकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, ISRO के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ श्रीधरा पणिक्कर को भी बोर्ड में शामिल किया गया है।RBI के केंद्रीय बोर्ड में गवर्नर संजय मल्होत्रा के साथ चार डिप्टी गवर्नर स्वामिनाथन जे, पूनम गुप्ता, एससी मुर्मू और रोहित जैन शामिल हैं। सरकार की ओर से आर्थिक मामलों की सचिव अनुराधा ठाकुर और वित्तीय सेवा सचिव संजय लोहिया भी बोर्ड का हिस्सा हैं। इसके अलावा रेवती अय्यर और RIS के महानिदेशक सचिन चतुर्वेदी समेत अन्य गैर-सरकारी निदेशक भी बोर्ड में हैं।








