Kohramlive : IPL 2027 के आयोजन को लेकर BCCI ने बड़ा संकेत दिया है। बोर्ड अब टूर्नामेंट को पारंपरिक समय से पहले शुरू करने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। हालांकि एक और बड़ी चर्चा पर भी विराम लग गया है। IPL में मैचों की संख्या बढ़ाने की अटकलों को BCCI ने फिलहाल खारिज कर दिया है। यानी अगले सीजन में भी मुकाबलों की संख्या 74 ही रहने वाली है।
मार्च की शुरुआत में शुरू हो सकता है IPL
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी PTI से बातचीत में बताया कि बोर्ड IPL 2027 को 10 मार्च से 15 मई के बीच आयोजित करने की संभावना पर विचार कर रहा है।अब तक IPL आमतौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होता रहा है और मई के आखिरी दिनों तक चलता है। पिछले सीजन का आगाज 28 मार्च को हुआ था, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला गया था। लेकिन अब बोर्ड टूर्नामेंट को करीब दो सप्ताह पहले शुरू करने की योजना बना रहा है। BCCI का मानना है कि मई के दौरान देश के कई हिस्सों में पड़ने वाली भीषण गर्मी खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिये परेशानी का कारण बन रही है। वहीं टूर्नामेंट के अंतिम चरण में कई बार मानसून की दस्तक भी आयोजन को प्रभावित करती है। देवजीत सैकिया ने कहा कि खिलाड़ियों और दर्शकों की ओर से गर्मी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी भारतीय मौसम के अनुरूप नहीं होते और कई विदेशी खिलाड़ियों के लिये अत्यधिक गर्म परिस्थितियों में खेलना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
खिलाड़ियों के साथ दर्शकों को भी होगा फायदा
BCCI का मानना है कि टूर्नामेंट जल्दी शुरू होने से केवल खिलाड़ियों को ही नहीं, बल्कि स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को भी राहत मिलेगी। मार्च और अप्रैल के शुरुआती दिनों का मौसम मई की तुलना में अपेक्षाकृत बेहतर रहता है। ऐसे में मैचों का अनुभव भी अधिक आरामदायक हो सकता है। सैकिया ने कहा कि IPL संचालन परिषद और BCCI के स्तर पर इस विषय पर लगातार चर्चा चल रही है।
94 मैचों की चर्चा पर लगा विराम
पिछले कुछ समय से यह खबरें सामने आ रही थीं कि IPL में टीमों की संख्या और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुये मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 की जा सकती है। लेकिन BCCI सचिव ने इन अटकलों को फिलहाल खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम पहले से ही बेहद व्यस्त है। ऐसे में टूर्नामेंट को और लंबा करना फिलहाल संभव नहीं दिखता। यानी IPL 2027 में भी मौजूदा प्रारूप के तहत 74 मैच ही खेले जायेंगे।
इसे भी पढ़ें : ममता बनर्जी को तगड़ा झटका… जानें
इसे भी पढ़ें : मुखिया पर चली गो’ली, पोड़ैयाहाट में बवाल, बाजार बंद…
इसे भी पढ़ें : RSS कार्यालय के हमलावरों ने वीडियो बनाकर भेजा था विदेश!
इसे भी पढ़ें : परिमल नाथवानी की जीत पर भाजपा में जश्न, डॉ. प्रदीप वर्मा बोले…
इसे भी पढ़ें : पूर्व जैक पार्षदों ने वित्त मंत्री के दरवाजे पर दी दस्तक… जानें क्यों












