Dhanbad : धनबाद के बापूनगर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के छात्रावास में बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और छात्रावास व्यवस्था पर सवाल उठाते हुये पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि छात्रावास में रहने वाले बच्चों के साथ कथित तौर पर मारपीट की जाती है, अपशब्दों का इस्तेमाल किया जाता है और उन्हें टॉयलेट साफ करने के लिए मजबूर किया जाता है।
अभिभावकों का ये है इल्जाम
परिजनों ने मीडिया से कहा कि इस तरह के व्यवहार से बच्चों के मन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उनका इल्जाम है कि छात्रावास में बच्चों को नियमित रूप से शारीरिक दंड दिया जाता है और उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। अभिभावकों ने छात्रावास की सुविधाओं पर भी सवाल उठाये। उनका कहना है कि एक कमरे में 16 से 18 बच्चों को रखा जाता है और उसी स्थान का इस्तेमाल पढ़ाई के लिये भी किया जाता है। अभिभावकों के अनुसार, छात्रावास में 120 से अधिक छात्र रहते हैं।
कार्रवाई नहीं होने का आरोप
कुछ अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के साथ कथित मारपीट और अनुशासन के नाम पर कठोर व्यवहार की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाये गये। बीते शनिवार को बड़ी संख्या में अभिभावकों के पहुंचने के बाद स्कूल परिसर में काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। मामले पर स्कूल के एक शिक्षक ने मीडिया से बातचीत में संस्थान में कुछ कमियां होने की बात स्वीकार की, लेकिन छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन बनाये रखने के लिये कभी-कभी नियम तोड़ने वाले छात्रों को दंड दिया जाता है। शिक्षक ने यह भी बताया कि बड़े छात्रों से कभी-कभी टॉयलेट की सफाई कराई जाती है। उनके अनुसार, स्कूल में सफाई कर्मचारी सप्ताह में दो दिन आते हैं और छात्रों से सफाई कराने का उद्देश्य उनमें जिम्मेदारी तथा अनुशासन की भावना विकसित करना है।
इसे भी पढ़ें : दुलमी-गोला को चार बड़ी सड़क परियोजनाओं की मंजूरी का दावा…
इसे भी पढ़ें : राजधानी में धारा 163 लागू, बिना अनुमति जुलूस-प्रदर्शन पर रोक…
इसे भी पढ़ें : 35 साल पुराने मंदिर के जीर्णोद्धार की मुहिम शुरू…
इसे भी पढ़ें : ‘भोलानाथ सिंह को हटाओ’ के नारों से गरजा हॉकी स्टेडियम…
इसे भी पढ़ें : 11 केवी लाइन पर झुलसे दो श्रमिक, दो अधिकारी सस्पेंड…








