Ranchi : राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में रविवार को उस वक्त माहौल गर्म हो गया, जब हॉकी झारखंड की बैठक के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी विरोध-प्रदर्शन के लिये पहुंच गये। प्रदर्शनकारियों ने हॉकी झारखंड के पदाधिकारी भोलानाथ सिंह पर भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी असुंता लकड़ा के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुये उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुये केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने कहा कि यदि भोलानाथ सिंह और अन्य आरोपित पदाधिकारी तत्काल अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि असुंता लकड़ा के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह खिलाड़ियों के सम्मान के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
“कुर्सी नहीं, खिलाड़ी खेल की असली ताकत हैं”
आदिवासी समन्वय समिति के संयोजक लक्ष्मी नारायण मुंडा ने कहा कि किसी भी खेल की असली पहचान उसके खिलाड़ी होते हैं, जो देश और झारखंड का नाम दुनिया भर में रोशन करते हैं, न कि पदाधिकारी। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिये भोलानाथ सिंह और अन्य आरोपित पदाधिकारियों को पहले उनके पद से हटाया जाये। साथ ही हॉकी झारखंड की कार्यकारिणी को भंग कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जायेगा। प्रदर्शन में पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पुष्पा प्रधान, बुधराम उरांव, मनोज टोप्पो, सुमित टोप्पो, कमल होरो, जोसेफ सोरेन, जगन टोप्पो, सुनील कुल्लू, दमनीक लकड़ा, सपना सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हुये। वहीं, आदिवासी मूलवासी मंच के अध्यक्ष सूरज टोप्पो, केंद्रीय सरना समिति, आदिवासी समन्वय समिति समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर खिलाड़ियों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
इसे भी पढ़ें : 11 केवी लाइन पर झुलसे दो श्रमिक, दो अधिकारी सस्पेंड…
इसे भी पढ़ें : ट्रेनी IPS पर साथी महिला अधिकारी ने लगाये गंभीर इल्जाम…
इसे भी पढ़ें : सलमान खान के बदले लुक ने बढ़ा दी फैंस की धड़कनें… वीडियो वायरल
इसे भी पढ़ें : जमीन अधिग्रहण के नियम बदले, जानें….PPPP
इसे भी पढ़ें : रेलवे का बड़ा फैसला, इन कर्मचारियों को भी मिलेगा इंक्रीमेंट का लाभ








