Ranchi : रांची में लंबे समय से निजी स्कूलों की मनमानी, हर साल बढ़ती फीस और नियमों की अनदेखी को लेकर उठ रही आवाजों के बीच जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। इसी को लेकर आयोजित बैठक ने शहरभर के अभिभावकों के बीच नई उम्मीद जगा दी है। निजी विद्यालयों की शुल्क वृद्धि, अभिभावक शिक्षक संघ यानी PTA के गठन और शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों के नामांकन को लेकर रांची जिला प्रशासन की पहल का झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने स्वागत किया है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पहली बार जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों की फीस वृद्धि के मुद्दे को इतनी गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि 92 स्कूलों में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होना इस बात का प्रमाण है कि अभिभावकों की शिकायतें बेबुनियाद नहीं थीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मासिक शुल्क में एडजस्टमेंट कराने और फी-एडजस्टमेंट प्लान तैयार करने का निर्देश अभिभावकों को बड़ी राहत देने वाला कदम है। इससे उन परिवारों को सहारा मिलेगा, जो लगातार बढ़ती फीस के कारण आर्थिक दबाव झेल रहे थे। PTA गठन को लेकर भी प्रशासन का रुख काफी सख्त नजर आया। जो निजी विद्यालय अभिभावक शिक्षक संघ का गठन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश को अभिभावकों ने पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
अजय राय ने शिक्षा का अधिकार कानून के तहत वंचित वर्ग के बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिये। रांची के अभिभावकों के बीच अब यह चर्चा तेज है कि अगर प्रशासन इसी तरह सक्रिय रहा, तो निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम लग सकती है। कई अभिभावकों का कहना है कि पहली बार उन्हें लग रहा है कि उनकी आवाज सच में सुनी जा रही है। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन आगे भी इसी गंभीरता के साथ कार्रवाई जारी रखेगा और अभिभावकों को न्याय दिलाने का काम करेगा।
इसे भी पढ़ें : भक्तिरस में डूबा कुच्चू गांव… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : थार में घूम रहा था मोस्ट वांटेड, ऐसे धरा गया…
इसे भी पढ़ें : अनिल अंबानी के 17 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे…
इसे भी पढ़ें : जूता छुपाई नेग की हंसी बनी बेड़ियां, बिना दुल्हन लौट गई बारात…
इसे भी पढ़ें : जीजा की घिनौनी करतूत, कहीं का नहीं छोड़ा…







