Ranchi : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की बहुप्रतीक्षित उत्पाद सिपाही भर्ती 2023 अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। आयोग ने मेधा सूची में शामिल 1941 अभ्यर्थियों के मेडिकल परीक्षण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। चिकित्सीय जांच 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक रांची के सदर अस्पताल के आठवें तल्ले स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित की जायेगी। आयोग के अनुसार मेडिकल टेस्ट की शुरुआत 1 जुलाई को 150 अभ्यर्थियों से होगी। इसके बाद प्रतिदिन निर्धारित संख्या में उम्मीदवारों की स्वास्थ्य जांच की जायेगी। यह प्रक्रिया मेरिट सूची और आरक्षण के आधार पर चयनित तीन गुना अभ्यर्थियों के लिये आयोजित की जा रही है।
नियुक्ति नियमावली के तहत होगी पूरी जांच
JSSC ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल परीक्षण झारखंड राज्य पुलिस नियुक्ति नियमावली-2014 एवं उसमें समय-समय पर किये गये संशोधनों के अनुरूप होगा। पूरी प्रक्रिया चयन पर्षद की निगरानी में संपन्न कराई जायेगी। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद योग्य और अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची आयोग को भेजी जायेगी। मेडिकल परीक्षण में सफल अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जायेगा। इसके बाद अंतिम मेधा सूची तैयार कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जायेगी। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर मेडिकल टेस्ट में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें 17 और 18 जुलाई 2026 को अंतिम अवसर दिया जायेगा।
अयोग्य घोषित अभ्यर्थियों को अपील का मौका
मेडिकल जांच में अयोग्य घोषित किए गए उम्मीदवारों के लिये भी राहत का प्रावधान रखा गया है। ऐसे अभ्यर्थी 20 और 21 जुलाई 2026 को रांची स्थित रिम्स के चिकित्सीय अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में एपेक्स मेडिकल बोर्ड के समक्ष पुनः जांच करा सकेंगे। यह प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी और बोर्ड का निर्णय अंतिम माना जायेगा।
583 पदों पर होनी है नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत राज्य में 583 उत्पाद सिपाही पदों पर नियुक्ति की जानी है। भर्ती परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर और दुमका सहित आठ जिलों में किया गया था। लंबे समय से चल रही इस भर्ती प्रक्रिया में मेडिकल शेड्यूल जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की निगाहें दस्तावेज सत्यापन और अंतिम परिणाम पर टिकी हैं। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ मेडिकल परीक्षण स्थल पर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और अंतिम अवसर का इंतजार भी न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें : अब इस दिग्गज क्रिकेटर ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा…
इसे भी पढ़ें : बड़कागांव में खेल के मैदान से युवाओं को मिली नई सीख…
इसे भी पढ़ें : अवैध कफ सिरप के साथ दबोचा गया…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बरसाती मच्छरों का डंक डराने लगा, तीन बच्चों की मौ’त…
इसे भी पढ़ें : UPI पहुंचेगा सेशेल्स, डिजिटल भुगतान को मिलेगी नई रफ्तार…








