UP : यूपी के बुलंदशहर में एक कारोबारी ने थाने के तत्कालीन SHO समेत सात पुलिसकर्मियों पर हिरासत में लेकर जबरन वसूली, मारपीट और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर इल्जाम लगाये हैं। जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और नामजद पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। डेयरी व्यवसायी सलमान का आरोप है कि बीते 30 अप्रैल की शाम वह दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा पर कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और बिना कोई कारण बताये जबरन सिकंदराबाद थाने ले गये। शिकायत के मुताबिक, जब उन्होंने हिरासत का कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर 20 लाख रुपये की मांग की।
“पैसे नहीं दिये तो NDPS केस और फर्जी एनकाउंटर”
सलमान का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने धमकी दी कि यदि रकम का इंतजाम नहीं हुआ तो उन्हें NDPS एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसा दिया जायेगा। इतना ही नहीं, कथित तौर पर यह भी कहा गया कि एक फर्जी पुलिस मुठभेड़ दिखाकर उनके पैर में गोली मार दी जायेगी। शिकायतकर्ता का कहना है कि हिरासत के दौरान उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के दबाव में उनके परिवार ने कथित तौर पर 6 लाख रुपये थाने पहुंचाये, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। सलमान ने यह भी आरोप लगाया कि रिहा करते समय उन्हें और उनके परिवार को चुप रहने की धमकी दी गई। कहा गया कि यदि घटना का जिक्र किया तो पूरे परिवार को झूठे आपराधिक मामलों में फंसा दिया जायेगा।
CCTV फुटेज को बताया अहम सबूत
शिकायतकर्ता का दावा है कि टोल प्लाजा और सिकंदराबाद थाने के CCTV कैमरों की फुटेज से पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हो सकती है। हालांकि घटना अप्रैल की बताई जा रही है, लेकिन FIR बीते शुक्रवार को दर्ज की गई। बुलंदशहर के सर्किल ऑफिसर दीपक कुमार ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। FIR में तत्कालीन SHO नीरज मलिक, सब-इंस्पेक्टर अरुण कुमार, कॉन्स्टेबल योगेश और चार अन्य अज्ञात पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुये सभी नामजद पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
इसे भी पढ़ें : थाली छोड़ हथेली पर रोटी, वीडियो वायरल…
इसे भी पढ़ें : भोरे-भोर सड़क पर उतरे अफसर, 5 साल से बंद रास्ता खुलवाया…
इसे भी पढ़ें : बाबा होटल में रे’ड, कई आपत्तिजनक सामान बरामद…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में अगले पांच रोज तक झमाझम बारिश…
इसे भी पढ़ें : पप्पू यादव का सनसनीखेज दावा, बोले, मेरी ह’त्या की रची गई थी साजिश…







