UP : सरकारी स्कूलों में बच्चों को सम्मान के साथ पौष्टिक भोजन देने की मिड-डे मील योजना एक बार फिर सवालों के घेरे में है। यूपी के बलिया जिले से सामने आये एक वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर ऐसी बहस छेड़ दी कि शिक्षा विभाग को तुरंत जांच के आदेश देने पड़े। वीडियो में बेल्थरा रोड क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय पलिया के छोटे-छोटे बच्चे थाली में नहीं, बल्कि हाथों में रोटियां लेकर खाते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य सामने आते ही लोगों ने मिड-डे मील की व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठाने शुरू कर दिये।
वायरल वीडियो से मचा तहलका
सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिये और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की। शुरूआती जांच में पता चला कि वायरल वीडियो हाल का नहीं, बल्कि बीते 20 अप्रैल का है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वीडियो और तस्वीरें विद्यालय के ही एक अनुदेशक (इंस्ट्रक्टर) के मोबाइल में मिली थीं, जहां से वे सोशल मीडिया तक पहुंचीं। BSA ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच के लिये संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को भेजा गया था। रिपोर्ट मिलने के बाद विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों, अनुदेशकों और रसोइयों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, रसोइयों का कहना है कि बच्चों को पहले नियम के अनुसार थाली में भोजन कराया गया था। उस दिन आटा अधिक बच जाने के कारण अतिरिक्त रोटियां बनाई गईं, जिन्हें बाद में बच्चों ने हाथ में लेकर खाया।हालांकि इस सफाई के बाद भी कई सवाल उठ रहे हैं। यदि बच्चों को दोबारा भोजन दिया गया, तो क्या उन्हें निर्धारित व्यवस्था के तहत बैठाकर खिलाया गया? वायरल वीडियो में बच्चे इधर-उधर घूमते हुये हाथों में रोटियां लेकर खाते दिखाई दे रहे हैं।
BSA का साफ संदेश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
BSA मनीष कुमार सिंह ने मीडिया से कहा कि शिक्षा विभाग किसी भी प्रकार की लापरवाही को हल्के में नहीं लेगा। उन्होंने बताया कि संबंधित सभी पक्षों की सुनवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी।
इसे भी पढ़ें : भोरे-भोर सड़क पर उतरे अफसर, 5 साल से बंद रास्ता खुलवाया…
इसे भी पढ़ें : बाबा होटल में रे’ड, कई आपत्तिजनक सामान बरामद…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में अगले पांच रोज तक झमाझम बारिश…
इसे भी पढ़ें : पप्पू यादव का सनसनीखेज दावा, बोले, मेरी ह’त्या की रची गई थी साजिश…
इसे भी पढ़ें : ट्रेन के आखिरी डिब्बे पर क्यों बना होता है बड़ा ‘X’, इसके पीछे छिपा राज… जानें







