Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा और लातेहार की सीमा से जुड़े पहाड़ी और जंगलों के बीच बन रही मंडल डैम परियोजना को गति देने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिये मंगलवार को गढ़वा और लातेहार जिला प्रशासन की संयुक्त टीम मंडल डैम स्थल पहुंची। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि सरकार अब इस परियोजना को हर हाल में समय पर पूरा करना चाहती है। गढ़वा के DC पशुपतिनाथ मिश्रा और लातेहार के DC संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ लातेहार के पुलिस कप्तान कुमार गौरव, SDO दिनेश कुमार, रंका SDPO रोहित कुमार, भंडरिया के इंस्पेक्टर सहित दोनों जिलों के कई आला अधिकारी मौजूद थे। संयुक्त टीम ने डैम के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेकर जमीनी स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
काम में नहीं होनी चाहिये कोई रुकावट
निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था और तय समय-सीमा के अनुरूप कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। DC पशुपतिनाथ मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुये कहा कि मंडल डैम जैसी महत्वपूर्ण परियोजना को गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है।उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निर्माण स्थल पर तैयार हुआ पिकेट
संयुक्त निरीक्षण के दौरान यह जानकारी दी गई कि निर्माण कार्यों को बिना किसी बाधा के आगे बढ़ाने के लिये परियोजना स्थल पर पिकेट तैयार कर लिया गया है।अधिकारियों ने संबंधित विभाग और पुलिस प्रशासन को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन का मानना है कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था से निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाएं दूर होंगी और परियोजना को तेज गति मिलेगी।
लाइफलाइन बनेगा मंडल डैम
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने मंडल डैम परियोजना के सामाजिक और विकासात्मक महत्व पर भी चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि डैम पूरा होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार होगा। खेती को नई ताकत मिलेगी, जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।वहीं, रोजगार के नये अवसर भी पैदा होंगे, जिससे आसपास के गांवों में विकास की नई तस्वीर देखने को मिल सकती है।
लगातार होगी मॉनिटरिंग
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परियोजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य तय मानकों और सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप ही आगे बढ़े। संयुक्त निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने दोहराया कि मंडल डैम परियोजना को सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन हर जरूरी कदम उठायेगा। गढ़वा और लातेहार के पहाड़ों के बीच बन रही यह विशाल परियोजना अब सिर्फ एक डैम नहीं, बल्कि हजारों किसानों की उम्मीद बन चुकी है।
इसे भी पढ़ें : जंगल में मिली अधजली ला’श, जांच में जुटी पुलिस…
इसे भी पढ़ें : त्योहार की खुशबू में घुली रहे मोहब्बत, सड़कों पर उतरा प्रशासन…
इसे भी पढ़ें : निकाह से पहले प्रेमी संग भागी दुल्हन, सदमे में दूल्हे ने दे दी जा’न… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : लाइव कॉल कर युवक ने उठाया खौ’फनाक कदम…
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, बाल विवाह पर हर हाल में लगे रोक…






