Ranchi : रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित शांति नगर की एक गली बीती रात अचानक मातम में डूब गई। जिस घर में कुछ दिन पहले तक एक जवान बेटे के सपने पल रहे थे, वहां अब खामोशी है। ITI की पढ़ाई कर रहा युवक नीतीश प्रमाणिक अब इस दुनिया में नहीं रहा। खबर है कि उसने देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि उसने यह कदम उठाने से पहले अपनी गर्लफ्रेंड, उसके भाई और दो अन्य लोगों को वीडियो कॉल किया था। कहते हैं कि लाइव वीडियो कॉल के दौरान ही उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगी, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बहन-जीजा बाहर थे, घर में अकेला था नीतीश
नीतीश शांति नगर में अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रहता था। वह सरोजनी पॉलिटेक्निक से ITI की पढ़ाई कर रहा था। उसके जीजा लालपुर में फूलों की दुकान चलाते हैं। घटना के समय बहन और जीजा तीन दिनों के लिये रांची से बाहर गये हुये थे। घर में नीतीश अकेला था। इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया।
चेन्नई में बैठे भाई को सबसे पहले मिला संदेश
पुलिस के मुताबिक इस घटना की सबसे पहली जानकारी मृतक के चचेरे भाई को मिली, जो चेन्नई में रहता है। उसे वीडियो भेजा गया था। वीडियो देखने के बाद उसने तुरंत परिवार के लोगों को सूचना दी कि नीतीश अब नहीं रहा। इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया।
इंस्टाग्राम पोस्ट के बाद बढ़ा था विवाद
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतक नीतीश की प्रेमिका गांव में रहती है। बताया गया कि एक दिन पहले युवती ने इंस्टाग्राम पर “My Husband” लिखकर एक पोस्ट साझा किया था। इसी पोस्ट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में आकर युवक ने यह कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। नीतीश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता भिरगु प्रमाणिक पतरातू में रहकर बच्चों को पढ़ाने का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रोते-बिलखते पिता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि किसी ने उनके बेटे को इस कदम के लिये उकसाया है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिये।
जिंदगी सबसे कीमती है, बात कीजिए, मदद लीजिये
किसी भी तनाव, भावनात्मक आघात या रिश्तों में टूटन के समय अकेले पड़ जाना खतरनाक हो सकता है। ऐसे समय में परिवार, दोस्तों या विशेषज्ञों से खुलकर बात करना बेहद जरूरी है। मुश्किल वक्त हमेशा नहीं रहता। मदद मांगना कमजोरी नहीं, हिम्मत की निशानी है।
इसे भी पढ़ें : CM हेमंत सोरेन बोले, बाल विवाह पर हर हाल में लगे रोक…
इसे भी पढ़ें : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे झारखंड… जानें क्यों
इसे भी पढ़ें : स्कूली शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में CM ने दिये कई अहम निर्देश… जानें
इसे भी पढ़ें : रंगेहाथ धराये ASI…
इसे भी पढ़ें : 5 रुपये में मछली-भात, CM के बड़े ऐलान… जानें






