Hazaribagh : कभी साथ बैठकर हंसी-ठिठोली करने वाले दो दोस्त, एक ही अस्पताल में नौकरी, एक-दूसरे पर भरोसा और हर रोज की मुलाकात। लेकिन मोहब्बत की एक कहानी ने दोस्ती की नींव ऐसी हिलाई कि अंजाम मौत बन गया। हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में डेंटल कॉलेज के सुपरवाइजर विकास कुमार सिंह की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में उनके ही करीबी दोस्त पवन कुमार दास को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में जो सच सामने आया, उसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। हजारीबाग सदर SDPO रूपक कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि इसी साल 19 जुलाई को दर्ज हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुये स्पेशल टीम बनाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आखिरकार पुलिस संदेही गुनहगार पवन कुमार दास तक पहुंच गई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
शराब पिलाई फिर बेरहमी से ले ली जान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले अपने दोस्त विकास कुमार सिंह को खूब शराब पिलाई। जब वह नशे में बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े, तब पवन ने उनका मुंह जमीन पर दबा दिया और लात-घूंसों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को पहले से मालूम था कि विकास दिल के मरीज थे और उनके सीने में पेसमेकर लगा हुआ था। इसी कमजोरी को उसने अपनी साजिश का हिस्सा बनाया।
एक युवती और दोस्ती बन गई दुश्मनी
पूछताछ में सामने आया कि विकास कुमार सिंह और पवन कुमार दास दोनों मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थे। दोनों की दोस्ती काफी गहरी थी। लेकिन यह रिश्ता उस समय टूट गया, जब पवन ने विकास को उसी युवती से वीडियो कॉल पर बात करते देख लिया, जिससे वह खुद भी प्रेम करता था। धीरे-धीरे युवती का झुकाव विकास की ओर बढ़ने लगा। पवन से बातचीत कम होती गई और विकास से उसकी नजदीकियां बढ़ने लगीं। यही बात पवन के दिल में ऐसी चुभी कि उसने अपने ही दोस्त को हमेशा के लिये रास्ते से हटाने की ठान ली। पुलिस का कहना है कि प्रेम-प्रसंग में उपजी ईर्ष्या ने एक गहरी दोस्ती को खून के रिश्ते में बदल दिया। जिस दोस्त के साथ कभी भरोसे की डोर बंधी थी, उसी पर मौत का वार किया गया।
इसे भी पढ़ें : अमिताभ बच्चन ICU से घर तक, लिखी जज्बे की दास्तान…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में इस रोज से मानसून सत्र, कैबिनेट के 49 प्रमुख फैसले… जानें
इसे भी पढ़ें : PM आवास के बाहर से राहुल गांधी को उठा ले गई पुलिस, वीडियो वायरल…
इसे भी पढ़ें : इस छोटी-सी ट्रिक से मिनटों में साफ होंगी लहसुन की कलियां…
इसे भी पढ़ें : केवल मोबाइल नंबर से नहीं पता चल सकती लाइव लोकेशन, रहें अलर्ट…








