Bihar : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने पांचवीं सक्षमता परीक्षा-2026 का परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. एसएम त्यागराजन ने रिजल्ट जारी करते हुये मीडिया को बताया कि इस परीक्षा में कुल 30 प्रतिशत शिक्षक अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। परीक्षा में शामिल हुये हजारों शिक्षकों के बीच अब राज्यकर्मी का दर्जा पाने की राह और आसान हो गई है। सफल अभ्यर्थियों की आगे शिक्षा विभाग की ओर से काउंसिलिंग कराई जायेगी। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि पांचवीं सक्षमता परीक्षा में वैसे शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुये थे, जो पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी सक्षमता परीक्षा में शामिल नहीं हो पाये थे या सफल नहीं हो सके थे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार स्थानीय निकाय के शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा देने के लिये कुल पांच सक्षमता परीक्षाओं का आयोजन किया गया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है। सभी पांचों परीक्षाओं को मिलाकर कुल 2,71,133 शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुये हैं।
14,512 शिक्षक अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
पांचवीं सक्षमता परीक्षा में कुल 14,512 शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हुये थे। इनमें 6,559 पुरुष शिक्षक अभ्यर्थी एवं 7,953 महिला शिक्षक अभ्यर्थी शामिल थे। परीक्षा में कुल 4,353 शिक्षक अभ्यर्थी सफल हुये हैं। इनमें 1,870 पुरुष एवं 2,483 महिला शिक्षक अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा परिणाम के अनुसार—
कक्षा 1 से 5वीं तक
- कुल अभ्यर्थी: 13,235
- सफल अभ्यर्थी: 3,868
- उत्तीर्ण प्रतिशत: 29.23%
कक्षा 6 से 8वीं तक
- कुल अभ्यर्थी: 781
- सफल अभ्यर्थी: 313
- उत्तीर्ण प्रतिशत: 40.08%
कक्षा 9वीं से 10वीं तक
- कुल अभ्यर्थी: 367
- सफल अभ्यर्थी: 122
- उत्तीर्ण प्रतिशत: 33.24%
कक्षा 11वीं से 12वीं तक
- कुल अभ्यर्थी: 129
- सफल अभ्यर्थी: 50
- उत्तीर्ण प्रतिशत: 38.76%
सफल शिक्षकों की होगी काउंसिलिंग
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने बताया कि जारी किया गया परिणाम फिलहाल औपबंधिक है। सभी सफल शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग शिक्षा विभाग द्वारा कराई जायेगी। इसके लिये अभ्यर्थियों को अलग से सूचना दी जायेगी।
सक्षमता परीक्षा में न्यूनतम उत्तीर्णांक
- सामान्य वर्ग: 40 प्रतिशत
- पिछड़ा वर्ग: 36.5 प्रतिशत
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग: 34 प्रतिशत
- अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति: 32 प्रतिशत
- दिव्यांग अभ्यर्थी: 32 प्रतिशत
- महिला अभ्यर्थी: 32 प्रतिशत
पांचों सक्षमता परीक्षा का परिणाम एक नजर में
| चरण | सफल शिक्षक अभ्यर्थी |
|---|---|
| पहली सक्षमता परीक्षा | 1,87,818 |
| दूसरी सक्षमता परीक्षा | 66,143 |
| तीसरी सक्षमता परीक्षा | 7,890 |
| चौथी सक्षमता परीक्षा | 4,229 |
| पांचवीं सक्षमता परीक्षा | 4,353 |
अब सफल शिक्षक अभ्यर्थियों की नजर काउंसिलिंग प्रक्रिया पर है। सक्षमता परीक्षा का यह चरण बिहार के हजारों शिक्षकों के लिये राज्यकर्मी बनने की उम्मीदों को नई दिशा देगा।
इसे भी पढ़ें : वर्दी ने थामी खेल की मशाल…
इसे भी पढ़ें : ऑनलाइन जुए पर अब चलेगा कानून का ‘डिजिटल डंडा’…
इसे भी पढ़ें : JPSC परीक्षा घोटाले पर CID का बड़ा एक्शन…
इसे भी पढ़ें : पति-पत्नी के रिश्ते में कभी नहीं आयेगी दरार, ये 3 अचूक मंत्र…
इसे भी पढ़ें : रांची में महाघेराव का ऐलान… जानें क्यों








