Kohramlive : आस्था की नगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के बीच शुक्रवार की शाम दर्दनाक हादसा हुआ, ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में स्नान के दौरान चार कांवड़ यात्री तेज बहाव की चपेट में आ गये। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जल पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। गोताखोरों ने गंगनहर में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिये मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान 16 साल के शिवांशु (पुत्र पवन सिंह), नीतेश (पुत्र राजेश), भरत (पुत्र हरीश) के रूप में हुई। ये तीनों सेक्टर-16/30, चंडीगढ़ और रोहित (पुत्र भवानी प्रजापति) (सेक्टर-26, चंडीगढ़) के रहनेवाले थे। पुलिस के अनुसार, चारों युवक कांवड़ यात्रा के लिये हरिद्वार आये थे और स्नान के दौरान हादसे का शिकार हो गये।
दूसरी घटना में दो युवकों की बची जान
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस के अभियान प्रभारी ASI अतुल सिंह, हेड कांस्टेबल नरेंद्र नेगी, प्रदीप सिंह रावत, गगनदीप सिंह, गोताखोर जानू पाल, मनोज बहुखंडी, चिराग अरोड़ा तथा वाहन चालक मनमोहन सिंह नेगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी दौरान गंगा में एक अन्य स्थान पर दो युवक भी तेज बहाव में बहने लगे। मौके पर तैनात SDRF के जवानों ने तत्परता दिखाते हुये दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से उनकी जान बच गई। कांवड़ यात्रा के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर याद दिलाया है कि गंगा और गंगनहर में तेज बहाव के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : रोहित शर्मा का नया लुक देख फैंस बोले—’अरे’…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी के डुंडे जंगल में पेड़ों की कलाई पर बंधा रक्षा सूत्र… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग के होटल में रेड, हथियार के साथ ये हुये अरेस्ट…
इसे भी पढ़ें : धनबाद में स्कूल में गैस सिलेंडर में लगी आ’ग…
इसे भी पढ़ें : ₹64 हजार तक सैलरी पाने का बढ़िया मौका, कल से आवेदन शुरू…







