Kohramlive : PM नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से पहली बार टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा कई रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई। PM मोदी ने बातचीत के दौरान एंडी बर्नहैम को पदभार संभालने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत ब्रिटेन के साथ अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिये प्रतिबद्ध है।
AI, रक्षा और तकनीक बने सहयोग के नये केंद्र
PM मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बातचीत की जानकारी साझा करते हुये कहा कि दोनों देश प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत हुये हैं। दोनों नेताओं ने खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और उभरती हुई तकनीकों को भविष्य की साझेदारी के अहम क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया। वार्ता के दौरान दोनों देशों ने हाल ही में लागू हुए भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने पर भी चर्चा की। PM मोदी ने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के लोगों की साझा समृद्धि और आर्थिक विकास के लिये नये रास्ते खोलेगा। भारत और ब्रिटेन व्यापार एवं निवेश के नये अवसरों को बढ़ाने के लिये मिलकर काम करेंगे।
विजन 2035 और तकनीकी साझेदारी पर ब्रिटेन का जोर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, एंडी बर्नहैम ने भारत और ब्रिटेन के रिश्तों को एक मजबूत साझेदारी बताया। उन्होंने यूके-इंडिया विजन 2035 फ्रेमवर्क के माध्यम से संबंधों को और गहरा करने की इच्छा जताई। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन में भारतीय समुदाय के योगदान की भी सराहना की और दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को द्विपक्षीय संबंधों की बड़ी ताकत बताया। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मैनचेस्टर और अहमदाबाद के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद शहर को भारत का “मैनचेस्टर” बताते हुए दोनों शहरों के औद्योगिक और व्यापारिक जुड़ाव को याद किया।
मध्य पूर्व और होर्मुज पर भी हुई चर्चा
दोनों नेताओं ने वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किये। बातचीत में मध्य पूर्व की स्थिति और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। कुल मिलाकर मोदी-बर्नहैम की पहली बातचीत ने साफ संकेत दिया है कि भारत और ब्रिटेन आने वाले समय में तकनीक, व्यापार, सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को और विस्तार देने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : बेटी के जन्मदिन पर लगाया जीवन का पौधा…
इसे भी पढ़ें : 15 साल बाद मिला इंसाफ, गुनहगार को उम्रकैद…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में अब लाल आतंक अंतिम दौर में…
इसे भी पढ़ें : नामकुम में दो पिकअप से 15 गौवंश बरामद, एक्टिव हुये बजरंग दल…
इसे भी पढ़ें : टेम्पू से गिरे मासूम को कुचला, बचाने दौड़ी मां भी ल’हूलु’हान…







